फर्जी IAS बनकर की शादी, फिर 40 लाख रुपये मांगने का आरोप, बरेली में महिला गिरफ्तार

UP News: बरेली में एक महिला ने खुद को IAS अधिकारी बताकर एक युवक से शादी रचा ली. शादी के बाद उसने युवक से 40 लाख रुपये की मांग कर दी. पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है. जानिए पूरा मामला.

UP News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला पर आरोप है कि उसने खुद को IAS अधिकारी बताकर एक युवक से शादी की और बाद में उससे 40 लाख रुपये की मांग की. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला की पहचान साधना के रूप में हुई है. उस पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर फर्जी फोटो और वीडियो के जरिए खुद को आईएएस अधिकारी बताया और युवक का विश्वास जीता.

सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवक को दिया झांसा

मामला बरेली के फरीदपुर थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, बदायूं जिले के सतेती गांव निवासी अभिषेक ने शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया कि साधना और उसके परिवार के लोगों ने सोशल मीडिया पर फर्जी तस्वीरें और वीडियो साझा कर उसे यह विश्वास दिलाया कि वह एक IAS अधिकारी है. युवक ने इन दावों पर भरोसा करते हुए साधना से शादी कर ली. लेकिन शादी के बाद कथित तौर पर महिला का व्यवहार बदल गया.

पति से 40 लाख रुपये की मांग का आरोप

शिकायतकर्ता का आरोप है कि शादी के बाद साधना ने उससे 40 लाख रुपये की मांग की. इतना ही नहीं, उसने पति और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी. पुलिस के अनुसार, महिला पर पति के साथ मारपीट करने और गला घोंटने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया गया है.

परिवार के चार लोगों पर दर्ज हुई FIR

मामले में पुलिस ने साधना के अलावा उसके पिता नरेंद्र पाल सिंह, भाई सूर्य प्रताप और मामा राजेंद्र सिंह के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है. आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत कार्रवाई की गई है.

पूछताछ में फर्जी IAS प्रोफाइल की बात कबूलने का दावा

एसपी (साउथ) अंशिका वर्मा के मुताबिक, पुलिस ने जांच के बाद साधना को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने फेसबुक पर खुद को IAS अधिकारी दिखाने वाली फर्जी फोटो और वीडियो अपलोड किए थे. पुलिस के अनुसार, महिला ने यह भी बताया कि वह BSc ग्रेजुएट है और सरकारी नौकरी की परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी. उसके पिता किसान हैं.

जमीन बेचकर अस्पताल बनवाने का दबाव डालने का आरोप

पुलिस का कहना है कि पूछताछ में सामने आया कि महिला ने कथित तौर पर अपने पति से बदायूं में जमीन बेचकर अस्पताल बनवाने की बात कही थी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है.

यह भी पढ़ें: राम मंदिर में चढ़ावे का पूरा हिसाब अब होगा सार्वजनिक, घर बैठे वेबसाइट पर देख सकेंगे दान और खर्च का ब्यौरा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >