UP Crime: उत्तर प्रदेश के एटा में सोमवार देर रात घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. अवागढ़ कस्बे के यादव नगर मोहल्ले में एक महिला और उसकी मां की हत्या से सनसनी फैल गई. पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला के पति और उसके पिता पर दोनों की हत्या करने का आरोप है. वारदात के समय घर में दंपती के तीन बच्चे भी मौजूद थे. घटना के बाद आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.
घरेलू विवाद के बाद खूनी वारदात
जानकारी के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच पिछले कई दिनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था. सोमवार रात विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हुई. आरोप है कि इसी दौरान महिला के पति ने अपने पिता के साथ मिलकर पत्नी और सास पर हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाओं के चेहरे और आंखों पर नुकीली या भारी वस्तु से गंभीर वार किए गए. चोटें इतनी गंभीर थीं कि दोनों की मौत हो गई.
घर में मौजूद थे तीन बच्चे
जिस समय यह वारदात हुई, उस वक्त घर में दंपती के तीन बच्चे भी मौजूद थे. पुलिस ने बच्चों से पूछताछ की है. प्रारंभिक पूछताछ में परिवार में पहले से विवाद और मारपीट की बात सामने आई है. बच्चों के बयानों को पुलिस जांच का अहम हिस्सा मान रही है.
मां-बेटी की गई जान
मृतकों की पहचान करीब 35 वर्षीय प्रियंका और उनकी 60 वर्षीय मां कमला देवी के रूप में हुई है. दोहरे हत्याकांड की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई. आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई.
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया. फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए. दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
आरोपी की तलाश में दबिश
अपर पुलिस अधीक्षक एटा श्वेताभ पांडेय के अनुसार, बच्चों के बयानों और शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. घटना के बाद से आरोपी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. पुलिस का कहना है कि वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है. हत्या की वजह और घटना में किस-किस की भूमिका थी, इसकी पूरी तस्वीर आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की जांच के बाद स्पष्ट होगी.
यह भी पढ़ें: कानपुर देहात में दो मजदूर जिंदा जले, 30 फीट ऊंची टंकी पर अचानक भड़की आग, नीचे गिरकर गई जान
