UP Crime: गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की जांच से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, जांच में खुद के फंसने की आशंका के चलते एक युवक ने अपने दोस्त को चलती ट्रेन से धक्का दे दिया. 16 सितंबर को गोशाला चौकी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर 28 वर्षीय भारत का शव मिला था. मृतक के पिता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
सीबीआई जांच के बाद सामने आया विवाद
पुलिस जांच के अनुसार, पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र निवासी भारत के खिलाफ साइबर ठगी से संबंधित जांच चल रही थी. 9 सितंबर को सीबीआई की दिल्ली टीम उसके घर पहुंची थी. टीम ने पूछताछ के साथ घर की तलाशी ली और लैपटॉप समेत कुछ दस्तावेजों से संबंधित जानकारी जुटाई. पूछताछ के दौरान भारत ने बताया था कि करीब दो साल पहले उसने अपने गांव के देवेश को फोटो और अन्य दस्तावेज दिए थे.
बैंक खाता खुलवाने के नाम पर लिए थे दस्तावेज
भारत के अनुसार, देवेश ने कारोबार के लिए उसके नाम से बैंक खाता खुलवाने की बात कहकर दस्तावेज लिए थे. जांच टीम ने देवेश से भी पूछताछ की. पुलिस के मुताबिक, देवेश ने दस्तावेज लेने की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने ये कागजात पीलीभीत के गोहनिया निवासी हरिओम को दिए थे. इसके बाद देवेश जांच टीम के संपर्क से बाहर हो गया और उसका मोबाइल बंद मिला.
खाते में साइबर ठगी की रकम आने का दावा
मृतक के पिता जगदीश कुमार ने देवेश पर बेटे की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में वर्ष 2024 के दौरान करीब एक करोड़ रुपये की साइबर ठगी की रकम देवेश द्वारा खुलवाए गए खाते में आने की बात सामने आई है. बाद में यह मामला सीबीआई की जांच के दायरे में पहुंच गया था. पुलिस का कहना है कि इसी जांच को लेकर देवेश को अपने फंसने का डर था.
दिल्ली जाने के लिए दोस्त को साथ ले गया था
परिजनों के मुताबिक, देवेश के गायब होने के बाद भारत उसकी तलाश कर रहा था. वह जांच टीम के साथ हरिओम के घर भी गया था, लेकिन वहां हरिओम नहीं मिला. घटना से पहले देवेश बाइक से भारत के घर पहुंचा और उसे अपने साथ दिल्ली ले गया था. बाद में देवेश ने परिजनों को फोन कर बताया कि भारत गाजियाबाद उतर गया है और टेंपो से घर चला जाएगा.
शव की फोटो भेजे जाने पर हुई पहचान
कुछ समय बाद गाजियाबाद पुलिस ने गांव के पूर्व प्रधान के मोबाइल पर रेलवे ट्रैक पर मिले शव की फोटो भेजी. परिजनों ने फोटो देखकर उसकी पहचान भारत के रूप में की. इसके बाद मृतक के पिता की शिकायत पर विजयनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में देवेश ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. मामले में साइबर ठगी से जुड़े पहलुओं की भी जांच जारी है. यह भी देखें: पिता को कागजों में ‘मार’ बेटे ने ले ली सरकारी नौकरी, उन्नाव में 13 साल बाद एक कागज ने खोल दिया आश्रित कोटे पूरा खेल
