बुर्के वाली महिला को लेकर UP पुलिस-खुफिया एजेंसियां अलर्ट, क्या अबान के जनाजे में पहुंची थीं शाइस्ता परवीन

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान के जनाजे में शाइस्ता परवीन के पहुंचने का दावा किया जा रहा है. बुर्का पहनी एक महिला को शाइस्ता बताए जाने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं और मामले की जांच कर रही हैं. यह घटनाक्रम उमेश पाल हत्याकांड के बाद से फरार शाइस्ता की तलाश को और तेज कर रहा है.

UP News: माफिया अतीक अहमद की पत्नी और उमेश पाल हत्याकांड में वांछित शाइस्ता परवीन एक बार फिर सुर्खियों में हैं. अतीक के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद के जनाजे के दौरान दावा किया गया कि शाइस्ता बुर्के में वहां पहुंचीं और भीड़ के बीच अपने बेटे का आखिरी दीदार कर चुपचाप निकल गईं. हालांकि, पुलिस ने अभी तक शाइस्ता की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस और खुफिया एजेंसियां इस दावे की पड़ताल में जुटी हैं.

बुर्के वाली महिला ने बढ़ाया रहस्य

अबान के अंतिम संस्कार के दौरान हटवा गांव में बड़ी संख्या में लोग जुटे थे. इसी बीच बुर्का पहने महिलाओं के बीच शाइस्ता परवीन के होने की चर्चा तेजी से फैल गई. दावा किया गया कि वह बेटे का अंतिम दीदार करने के बाद वहां से निकल गईं. लेकिन यह दावा अभी सिर्फ चर्चा और अपुष्ट सूचना तक सीमित है. पुलिस की ओर से शाइस्ता के वहां पहुंचने की पुष्टि नहीं की गई है.

पुलिस-खुफिया एजेंसियों की पैनी नजर

शाइस्ता लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर हैं. ऐसे में बेटे की मौत के बाद उनके जनाजे में पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस पहले से ही अलर्ट थी. हटवा गांव, कसारी-मसारी कब्रिस्तान और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई थी. महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गयी थी और खुफिया एजेंसियां गतिविधियों पर नजर रख रही थीं. अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बुर्के में पहुंचने वाली महिला वास्तव में शाइस्ता थीं या फिर यह सिर्फ अफवाह थी.

अतीक-अशरफ की कब्र के पास दफन हुआ अबान

अबान अहमद की मौत के बाद उसका अंतिम संस्कार प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में किया गया. परिवार के अन्य सदस्यों और करीबियों की मौजूदगी के बीच उसे अतीक अहमद और अशरफ की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक किया गया. अबान की मौत झांसी में सड़क हादसे के बाद हुई थी. शव पोस्टमार्टम के बाद प्रयागराज लाया गया, जिसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार की तैयारी की.

तीन साल से फरार हैं शाइस्ता

उमेश पाल हत्याकांड के बाद से शाइस्ता परवीन फरार चल रही हैं. उनके साथ अतीक की बहन आयशा नूरी और अशरफ की पत्नी जैनब भी पुलिस की तलाश में हैं. अबान की मौत के बाद शाइस्ता के संभावित रूप से सामने आने की चर्चा ने एक बार फिर पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी है.

यह भी पढ़ें: ‘ढाई किलो का हाथ’ लेकर लखनऊ पहुंचे सनी देओल, प्रीति जिंटा भी साथ: योगी से हुई खास मुलाकात


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >