बिजनौर में कंबल ओढ़कर बैंक में घुसा चोर, बिजली काटकर तोड़ा स्ट्रॉन्ग रूम, अलमारी ने बिगाड़ दिया पूरा खेल

UP Crime: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में एक चोर ने रात के अंधेरे में बैंक में घुसकर चोरी की कोशिश की. उसने कंबल से पहचान छिपाई और स्ट्रॉन्ग रूम का ताला तोड़ा, लेकिन अलमारी उसे रोक गई. CCTV फुटेज ने घटना को कैद कर लिया.

UP Crime: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में बैंक चोरी की कोशिश का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. स्योहारा इलाके के गल्लाखेड़ी स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में एक चोर रात के अंधेरे में खिड़की तोड़कर अंदर दाखिल हुआ. पहचान छिपाने के लिए उसने खुद को कंबल से ढक रखा था. बैंक में घुसते ही उसने बिजली के तार काट दिए, ताकि अंदर अंधेरा हो जाए. इसके बाद वह बैंक के अलग-अलग हिस्सों में घूमता रहा और स्ट्रॉन्ग रूम तक पहुंच गया.

स्ट्रॉन्ग रूम का ताला तोड़ा, लेकिन अलमारी नहीं खुली

चोर ने स्ट्रॉन्ग रूम का ताला तोड़ने में सफलता हासिल कर ली. इसके बाद उसने बैंक में रखी अलमारी को निशाना बनाया. उसने अलमारी का ताला तोड़ने की काफी कोशिश की, लेकिन लॉक नहीं खुल सका. काफी देर तक प्रयास करने के बाद आखिरकार उसे अपनी योजना अधूरी छोड़कर खाली हाथ बैंक से निकलना पड़ा.

कंबल ने छिपाई पहचान, CCTV ने खोल दिया राज

चोर ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पूरे शरीर को कंबल से ढक रखा था. उसे शायद लगा होगा कि अंधेरे और कंबल की आड़ में उसकी पहचान नहीं हो पाएगी, लेकिन बैंक में लगे CCTV कैमरों ने उसकी पूरी गतिविधि रिकॉर्ड कर ली. फुटेज में वह बैंक में दाखिल होने से लेकर अंदर घूमने और ताले तोड़ने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है.

सुबह टूटी खिड़की देखकर खुला मामला

सुबह बैंक भवन के मालिक कृष्ण बहादुर ने खिड़की टूटी देखी तो उन्हें शक हुआ. उन्होंने शाखा प्रबंधक रविंद्र कुमार को सूचना दी. बैंक पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने अंदर सामान अस्त-व्यस्त पाया. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.

तहरीर के बाद CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

शाखा प्रबंधक रविंद्र कुमार ने मामले में पुलिस को तहरीर दी है. पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ CCTV फुटेज को जांच में शामिल किया है. फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने और उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. घटना ने बैंक की रात की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं.

यह भी पढ़ें: बलिया में 70 साल के पति की खौफनाक साजिश! पत्नी-बेटी की हत्या कर रची अजनबी हमलावरों की कहानी, दो साथी भी गिरफ्तार

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By तिलक कुमार

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >