UP News: सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक दोस्ती कब रिश्तों में बड़ा बदलाव ला दे, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है. उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती बिहार की रहने वाली 38 वर्षीय महिला को करीब 850 किलोमीटर दूर ले आई. महिला अपने से 20 साल छोटे 18 वर्षीय युवक के साथ रहने के लिए लखीमपुर पहुंच गई. मामला तब ज्यादा चर्चा में आ गया, जब महिला का पति अपने तीन बच्चों को लेकर उसे वापस घर ले जाने पहुंचा. बच्चों ने मां से घर लौटने की गुहार लगाई, पुलिस और ग्रामीणों ने भी काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन महिला ने अपना फैसला नहीं बदला. उसने साफ कह दिया कि वह अब अपने पति के पास वापस नहीं जाएगी.
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, फिर प्यार में बदली कहानी
जानकारी के मुताबिक, बिहार निवासी प्रद्युम्न की शादी करीब 15 साल पहले सुमन कुमारी उर्फ लवली से हुई थी. दोनों के तीन बच्चे हैं, जिनकी उम्र 14, 8 और 6 साल है. सुमन घर पर रहते हुए सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाया करती थी. इसी दौरान करीब छह महीने पहले उसकी पहचान लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र के रहने वाले 18 वर्षीय पवन से हुई. पवन हरियाणा के सोनीपत में एक कंपनी में काम करता था. शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत हुई. इसके बाद चैटिंग और वीडियो कॉल का सिलसिला बढ़ा और धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए. सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती बाद में प्रेम संबंध में बदल गई.
तीन महीने पहले घर छोड़कर पहुंची थी सोनीपत
बताया जा रहा है कि करीब तीन महीने पहले सुमन अपने पति और बच्चों को बिना बताए घर छोड़कर सोनीपत पहुंच गई थी. वहां पवन नौकरी करता था. दोनों कुछ समय तक साथ रहे. हालांकि, कुछ समय बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि सुमन की दूसरे युवकों से फोन पर बातचीत को लेकर पवन नाराज था. विवाद बढ़ने के बाद पवन उसे छोड़कर अपने गांव लखीमपुर खीरी लौट आया. इसके बाद सुमन भी पवन के पीछे-पीछे करीब 850 किलोमीटर का सफर तय कर लखीमपुर खीरी पहुंच गई.
गांव में पंचायत के बाद पुलिस तक पहुंचा मामला
जब पवन के परिवार को पूरे मामले की जानकारी हुई तो गांव में पंचायत बुलाई गई. मामला बढ़ता देख ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी. उधर, जानकारी मिलने के बाद सुमन का पति प्रद्युम्न अपने तीनों बच्चों को लेकर बिहार से लखीमपुर खीरी पहुंच गया. परिवार और ग्रामीणों ने करीब दो दिनों तक महिला को समझाने की कोशिश की. इसके बाद मामला नीमगांव थाने पहुंचा, जहां पुलिस और स्थानीय लोगों ने दोनों पक्षों से बातचीत की.
बच्चों ने मां से लगाई घर लौटने की गुहार
थाने में सबसे भावुक पल तब आया, जब तीनों बच्चे अपनी मां से घर चलने की गुहार लगाने लगे. पति ने भी परिवार बचाने की अपील की. पुलिस और मौजूद लोगों ने बच्चों के भविष्य का हवाला देते हुए महिला को काफी समझाया, लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रही.
'अब वापस नहीं जाऊंगी' महिला ने रखा अपना पक्ष
महिला ने साफ तौर पर कहा कि वह अब अपने पति के साथ वापस नहीं जाएगी. उसका आरोप है कि उसका पति कोई काम नहीं करता था और परिवार की जिम्मेदारी उसी के ऊपर थी. सुमन का कहना है कि बच्चे उसके हैं, इसलिए अब उनकी जिम्मेदारी उनके पिता उठाएं. उसने कहा कि वह अपने पुराने परिवार में लौटने के बजाय अपनी जिंदगी का नया रास्ता चुनना चाहती है. वहीं, 18 वर्षीय पवन का कहना है कि इंस्टाग्राम पर दोस्ती के दौरान उसे यह जानकारी नहीं थी कि सुमन शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं. पवन के मुताबिक, बाद में उसे इस सच्चाई का पता चला, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद भी हुआ. हालांकि, इसके बावजूद सुमन उसके गांव तक पहुंच गई.
गांव से सोशल मीडिया तक चर्चा में मामला
फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. गांव की पंचायत से लेकर सोशल मीडिया तक लोग इस घटना को लेकर अलग-अलग राय दे रहे हैं. कुछ लोग इसे सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव से जोड़ रहे हैं तो कुछ इसे व्यक्ति का निजी फैसला बता रहे हैं. इंस्टाग्राम से शुरू हुई यह कहानी अब पुलिस, पंचायत और पूरे इलाके में चर्चा का मुद्दा बन गई है.
Also Read: "गधा" कहकर OP राजभर पर बरसे सपा नेता, बयान से UP की राजनीति में मचा बवाल
