जिस प्यार पर किया भरोसा, उसी ने लगा दी कीमत, छत्तीसगढ़ से बांदा लाकर प्रेमिका को 20 हजार में बेच दिया

उत्तर प्रदेश के बांदा में मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. प्रेम में धोखा खाकर प्रेमिका को 20 हजार रुपये में बेचने की क्रूर घटना ने सभी को झकझोर दिया है. पुलिस ने महिला को सकुशल बरामद कर लिया है.

UP news : उत्तर प्रदेश के बांदा में मानव तस्करी से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि छत्तीसगढ़ में मजदूरी के दौरान एक युवक की एक महिला से मुलाकात हुई. धीरे धीरे वे एक दूसरे के करीब आए और प्यार हो गया . युवक महिला को अपने गांव बांदा ले आया. यहां उसकी पत्नी ने महिला के साथ रहने का विरोध किया. इसके बाद युवक ने कथित तौर पर महिला को 20 हजार रुपये में अपने दोस्त के हाथ बेच दिया.

छत्तीसगढ़ में हुई थी मुलाकात

मामला बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव का है. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी विनय छत्तीसगढ़ की एक लोहे की फैक्ट्री में मजदूरी करता था. इसी दौरान उसकी मुलाकात महिला से हुई. दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए. इसके बाद विनय महिला को अपने गांव ले आया. गांव पहुंचने पर उसकी पत्नी को जब इस संबंध की जानकारी हुई तो उसने विरोध शुरू कर दिया. इसको लेकर घर में विवाद भी हुआ.

20 हजार रुपये में महिला को बेचने का आरोप

पुलिस जांच के अनुसार, पत्नी के विरोध के बाद विनय ने कथित तौर पर महिला का सौदा रामभवन नाम के व्यक्ति से 20 हजार रुपये में कर दिया. आरोप है कि विनय को पूरी रकम नहीं मिली, जिसके बाद महिला को दोबारा गरीबदास नाम के व्यक्ति के हाथ बेच दिया गया. इस कथित खरीद-फरोख्त में उदित नाम के व्यक्ति पर बिचौलिए की भूमिका निभाने का आरोप है.

डायल 112 पर मिली सूचना, पुलिस ने किया रेस्क्यू

महिला की खरीद-फरोख्त की सूचना पुलिस को डायल 112 के जरिए मिली. सूचना मिलते ही बदौसा थाना पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) की टीम सक्रिय हो गई. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर महिला को सकुशल बरामद किया. इसके बाद उसका मेडिकल कराया गया और बयान दर्ज किए गए. महिला को फिलहाल वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है.

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस जांच में इस मामले में चार लोगों के नाम सामने आए. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विनय के अलावा रामभवन, गरीबदास और उदित को गिरफ्तार कर लिया है.

डीएसपी बोले- चारों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई

डिप्टी एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि बदौसा थाना क्षेत्र के एक गांव से महिला की खरीद-फरोख्त की सूचना मिली थी. पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर महिला को बरामद किया. उसका मेडिकल परीक्षण कराने के साथ बयान भी दर्ज किए गए हैं. उन्होंने बताया कि महिला की मुलाकात मुख्य आरोपी से छत्तीसगढ़ की लोहे की फैक्ट्री में काम करने के दौरान हुई थी. आरोप है कि आरोपी उसे बांदा लेकर आया और बाद में दो लोगों को बेच दिया. मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Also read : लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे पर नहीं थम रहा धंसने का सिलसिला, फिर 700 मीटर सड़क में आई दरारें, एक लेन से गुजर रहे वाहन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >