Ballia Crime News : बलिया स्थित उभांव थाना क्षेत्र के कैथी शंकरपुर मटिया मोड़ के पास सोमवार की रात मारपीट में घायल उमेश चौरसिया की इलाज के दौरान मौत हो गयी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया. फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये हैं. पुलिस ने मृतक के भतीजे चंदन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
लाठी से सिर पर चोट लगने की बात
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 की रात करीब आठ बजे सूचना मिली कि उमेश चौरसिया की बगल के गांव के कुछ युवकों से मारपीट हो गयी है. इस दौरान उमेश के सिर पर लाठी से चोट लगने की बात सामने आयी. गंभीर हालत में उन्हें तत्काल उपचार के लिए सीएचसी उभांव ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी.
विपिन और उसके दोस्तों पर मारपीट का आरोप
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक के भतीजे चंदन ने आरोप लगाया है कि बगल के गांव में रहने वाले विपिन और उसके दोस्तों ने उमेश चौरसिया के साथ मारपीट की. पुलिस ने चंदन की ओर से तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगायी गयीं
घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और FSL टीम ने भी जांच की है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए प्रयास किये जा रहे हैं. घटना के बाद इलाके में शांति व्यवस्था कायम है.
Also Read : फर्रुखाबाद में प्यार के लिए टावर पर चढ़ा आशिक, 4 घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
