UP Crime News : रतसर कस्बे में स्थित एक निजी बैंक की महिला कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने शाखा प्रबंधक समेत दो अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. महिला कर्मचारी ने शाखा प्रबंधक पर देर रात तक मोबाइल पर संदेश भेजकर परेशान करने, गलत कार्य के लिए दबाव बनाने और आपत्तिजनक व्यवहार करने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. महिला कर्मचारी के अनुसार, वह बैंक में रिलेशनशिप ऑफिसर के पद पर कार्यरत है. आरोप है कि शाखा प्रबंधक अखोरी कुनाल रंजन सिन्हा देर रात तक मोबाइल पर संदेश भेजकर उसे परेशान करते थे.
बाइक पर बैठने का दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप
महिला कर्मचारी ने शिकायत में आरोप लगाया कि तीन सितंबर को वह फील्ड में बैठक के लिए जा रही थी. इसी दौरान शाखा प्रबंधक वहां पहुंचे और उस पर अपनी बाइक पर बैठने का दबाव बनाया. पीड़िता का आरोप है कि इन्कार करने पर उसे रास्ते से उठवा लेने और जबरदस्ती करने की धमकी दी गई. इसके बाद उसने अपने भाई को मौके पर बुलाया और उसके साथ घर चली गई.
क्लस्टर हेड पर भी दबाव बनाने का आरोप
महिला कर्मचारी ने बताया कि उसने पूरे मामले की जानकारी क्लस्टर हेड शशांक वर्मा को भी दी थी. आरोप है कि क्लस्टर हेड ने भी नौकरी बचाने के लिए शाखा प्रबंधक के कहे अनुसार चलने का दबाव बनाया. हालांकि, क्लस्टर हेड शशांक वर्मा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताया है.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सीओ सिटी सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि महिला बैंक कर्मचारी की तहरीर पर गड़वार थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
बैंक प्रबंधन ने शाखा में किया बदलाव
मुकदमा दर्ज होने के बाद बैंक प्रबंधन की ओर से शाखा में बदलाव किया गया है. बैंक से जुड़े लोगों के अनुसार, आरोपित शाखा प्रबंधक और महिला कर्मचारी को हटा दिया गया है. बुधवार को रितेश कुमार ने नए शाखा प्रबंधक के रूप में कार्यभार संभाल लिया.
Also Read : मायावती के भतीजे आकाश आनंद को कांग्रेस में आने का ऑफर, उदित राज बोले- राहुल गांधी से करा दूंगा मुलाकात
