UP News: आजमगढ़ के लोहरा गांव में शुक्रवार को एक वृद्ध महिला की बीमारी के चलते मौत हो गई. महिला की मौत के बाद घर पहुंचीं उनकी छह बेटियों के बीच संपत्ति और इलाज में खर्च हुए पैसों को लेकर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि पड़ोसियों को पुलिस बुलानी पड़ी. उस वक्त घर में वृद्ध मां का शव पड़ा हुआ था.
105 साल की थीं चौरासी देवी
लोहरा निवासी चौरासी देवी पत्नी स्वर्गीय रामनवल की उम्र करीब 105 वर्ष बताई गई है. वह पिछले करीब तीन महीने से बीमार चल रही थीं और अतरौलिया अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. शुक्रवार दोपहर उनकी मौत हो गई. सूचना मिलने के बाद उनकी सभी छह बेटियां घर पहुंचीं, जहां उपचार के खर्च और संपत्ति को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई.
पड़ोसियों ने पुलिस को दी सूचना
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ता देखकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली. पुलिस की मौजूदगी में स्थिति शांत कराई गई. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
संपत्ति विवाद में भाई की मौत का भी मामला
संपत्ति को लेकर विवाद का एक अन्य मामला हाल में सीतापुर के महमूदाबाद क्षेत्र में भी सामने आया था. यहां इब्राहीम नामक व्यक्ति के लापता होने के बाद उसका शव शारदा सहायक नहर से बरामद हुआ था. उसकी पत्नी साबिदा ने आरोप लगाया था कि संपत्ति विवाद के चलते उसके पति को निशाना बनाया गया और इसे हादसे का रूप देने की कोशिश की गई.
कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा
मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया था कि संपत्ति को लेकर उसे और उसके पति को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था. पुलिस से कार्रवाई न होने पर उसने न्यायालय का रुख किया. कोर्ट के आदेश के बाद महमूदाबाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या और अपहरण का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है. दोनों घटनाएं बताती हैं कि संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद किस तरह गंभीर रूप ले सकते हैं. यह भी देखें: UP में बिजली बिल बकाया है तो हो जाएं सावधान! इन चार जिलों के 11 लाख उपभोक्ता रडार पर, घर-घर पहुंचेंगी 263 टीमें
