प्रसव पीड़ा से तड़पती रही महिला, गड्ढे में फंसी एंबुलेंस, अस्पताल पहुंचने से पहले गर्भ में बच्चे की मौत

आगरा जिले में सड़क के गड्ढे की वजह से एक दिल दहला देने वाली घटना हुई. प्रसव पीड़ा से जूझ रही महिला को अस्पताल ले जा रही एंबुलेंस गड्ढे में फंस गई, जिससे महिला को समय पर इलाज नहीं मिल पाया और गर्भ में ही बच्चे की मौत हो गई.

Agra News : आगरा जिले की बाह तहसील क्षेत्र में सड़क के गड्ढे में एंबुलेंस फंसने के कारण प्रसव पीड़ा से जूझ रही 25 वर्षीय महिला को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका. करीब दो घंटे तक एंबुलेंस के फंसे रहने के बाद जब परिवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा, तब तक गर्भ में बच्चे की मौत हो चुकी थी.

प्रसव पीड़ा शुरू होने पर बुलायी एंबुलेंस

घटना 3 सितंबर की तड़के करीब एक बजे गढ़बर गांव में हुई. गांव निवासी प्रवेंद्र सिंह की 25 वर्षीय पत्नी निधि को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई. परिवार ने तुरंत आपातकालीन एंबुलेंस को फोन किया. कुछ ही देर बाद एंबुलेंस गांव पहुंच गई. महिला को अस्पताल ले जाने के दौरान गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली संपर्क सड़क पर एक बड़े गड्ढे में एंबुलेंस का पहिया फंस गया. गड्ढा इतना गहरा था कि एंबुलेंस पूरी तरह से वहीं फंसकर रह गई.

दो घंटे तक एंबुलेंस निकालने में जुटे ग्रामीण

एंबुलेंस चालक ने वाहन को निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन कीचड़ में पहिए घूमते रहे और एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी. इस दौरान महिला प्रसव पीड़ा से जूझती रही. समय बीतता देख ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की व्यवस्था की. इसके बाद करीब दो घंटे तक ग्रामीण ट्रैक्टर की मदद से एंबुलेंस को गड्ढे से निकालने की कोशिश करते रहे. काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस को वहां से निकाला जा सका.

सुबह 3:30 बजे अस्पताल पहुंचा परिवार, नहीं बची बच्चे की जान

परिवार सुबह करीब 3:30 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा. डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि बच्चे की गर्भ में ही मौत हो चुकी थी. डॉक्टरों के अनुसार, बच्चे की मौत जटिलताओं और अस्पताल पहुंचने में हुई गंभीर देरी के कारण हुई. वहीं, आपातकालीन सर्जरी के बाद महिला की हालत स्थिर कर ली गई.

छह महीने पहले बनी थी सड़क, बारिश में बह गया

ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर विभागीय लापरवाही का आरोप लगाया है. स्थानीय निवासी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग (PWD) ने करीब छह महीने पहले ही इस संपर्क सड़क का निर्माण और मरम्मत करायी थी. हालांकि, करीब एक महीने पहले हुई भारी बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा मिट्टी के कटाव से बह गया था. इसके बाद सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया, जिससे आवागमन मुश्किल हो गया. ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार PWD के जूनियर इंजीनियर से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.

संपूर्ण समाधान दिवस में उठाया सड़क का मुद्दा

सड़क की बदहाल स्थिति और घटना के बाद ग्रामीणों ने शनिवार को बाह तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) में भी मामला उठाया. ग्रामीणों ने सड़क का तत्काल निर्माण कराने के साथ ही मजबूत सीसी सड़क बनाने और इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की.

SDM बोले- मामले की जांच कराई जा रही

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बाह के एसडीएम विनोद कुमार ने बताया कि उन्हें संपूर्ण समाधान दिवस के दिन सड़क से जुड़ी शिकायत मिली थी. उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण मिट्टी का कटाव होने से PWD की सड़क क्षतिग्रस्त हुई थी, जिससे लोगों को परेशानी हो रही थी. एसडीएम के मुताबिक, मौके पर संबंधित PWD अधिकारी भी मौजूद थे और उन्हें स्थिति की जानकारी दी गई है. उन्होंने जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की बात कही. साथ ही उन्होंने बताया कि एंबुलेंस फंसने की घटना की भी जांच कराई जा रही है. गढ़बर गांव के ग्रामीणों के लिए जांच और अधिकारियों के आश्वासन उस नुकसान की भरपाई नहीं कर सकते, जो सड़क के एक बड़े गड्ढे के कारण हुआ.

Also Read : आप भी मिट्टी से बनाएं अनोखी चीजें और पाएं 15 हजार रुपये का इनाम, UP सरकार दे रही मौका, ऐसे करे आवेदन

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रवि रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >