‘सीता मां को चुराने वाला भी भेष बदलकर आया था’ अखिलेश यादव ने BJP पर लगाया ‘अधर्मी गिरोह’ का ठप्पा, बोले- ऐसे लोगों से सावधान रहिए...,

UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राम मंदिर में दान और चोरी के मुद्दे पर बीजेपी पर तीखे आरोप लगाए हैं. उन्होंने सीता हरण प्रसंग का जिक्र करते हुए जनता को ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की है.

UP Politics: अयोध्या राम मंदिर में दान और चोरी से जुड़े मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. अखिलेश यादव ने अपने बयान में रामायण के सीता हरण प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि सीता मां को चुराने वाला भी भेष बदलकर आया था. उन्होंने जनता से ऐसे लोगों से सावधान रहने की अपील की और कहा कि मंदिरों के बाहर बड़ी संख्या में भिक्षा मांगने वाले लोग दिखाई देते हैं, लेकिन भिखारी भी मंदिर के अंदर चोरी नहीं करता. अखिलेश यादव ने मंदिर में चोरी करने वालों को ‘धर्मद्रोही’ और ‘अधर्मी गिरोह’ बताया और इसी टिप्पणी के जरिए बीजेपी को घेरा. उनका यह बयान यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अयोध्या और राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर सियासी बहस को और तेज कर दी है.

‘भिखारी भी मंदिर के अंदर चोरी नहीं करता’

अखिलेश यादव ने कहा कि मंदिरों के बाहर बड़ी संख्या में लोग दान या भिक्षा मांगते हैं, लेकिन उन्होंने कभी किसी भिखारी को मंदिर के अंदर चोरी करते नहीं देखा. उन्होंने कहा कि मंदिर में चोरी करने वाले लोगों को सामान्य भिखारी से जोड़कर नहीं देखा जा सकता. अखिलेश ने इसी बात को आगे बढ़ाते हुए बीजेपी पर निशाना साधा और उसे ‘धर्मद्रोही’ और ‘अधर्मी गिरोह’ बताया.

जातीय जनगणना पर अखिलेश का ऐलान

अखिलेश यादव ने जातीय जनगणना के मुद्दे को भी अपने संबोधन में प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि पूरे देश में लंबे समय से यह मांग रही है कि जातीय जनगणना कराई जाए और आबादी के हिसाब से लोगों को उनका हक और सम्मान मिले. अखिलेश ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर तीन महीने के भीतर जातीय जनगणना कराने का काम किया जाएगा.

खंगार समाज को राजनीतिक सम्मान का वादा

महाराजा खेत सिंह खंगार का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने खंगार समाज के लोगों को राजनीतिक सम्मान और प्रतिनिधित्व देने का भरोसा दिया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाज के लोगों को राजनीतिक सम्मान और स्थान दिया जाएगा, जिससे उनका मनोबल बढ़े. चुनाव से पहले अलग-अलग सामाजिक समूहों के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने के लिए अखिलेश यादव लगातार ऐसे मुद्दों को उठा रहे हैं.

‘लूट का पैसा गरीबों को देंगे’

बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार और सरकारी संसाधनों की कथित लूट का आरोप लगाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार में जो लूट और ‘महाडकैती’ हो रही है, उसे रोककर उस पैसे का इस्तेमाल गरीबों के लिए किया जाएगा. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों के हित में काम किया जाएगा.

UP विधानसभा चुनाव से पहले अयोध्या बना अहम मुद्दा

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले अयोध्या और राम मंदिर से जुड़े मुद्दे एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी के केंद्र में आते दिख रहे हैं. अखिलेश यादव के बयान में राम मंदिर के दान और चोरी का मुद्दा, जातीय जनगणना, सामाजिक प्रतिनिधित्व और बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप एक साथ दिखाई दिए. ऐसे में आने वाले समय में अयोध्या और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दे यूपी की चुनावी राजनीति में अहम भूमिका निभा सकते हैं. यह भी पढ़ें: गोरखपुर बना 'यूरोप'? सांसद रवि किशन के बयान पर सियासी घमासान, कांग्रेस ने कसा तंज!


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राधेश्याम कुशवाहा

राधेश्याम कुशवाहा को पत्रकारिता की क्षेत्र में 13 साल का अनुभव है. इस सफर की शुरुआत उन्होंने राज एक्सप्रेस न्यूज पेपर भोपाल से की. यहां से आगे बढ़ते हुए समय जगत, राजस्थान पत्रिका, हिंदुस्तान न्यूज पेपर के बाद वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में यूपी डेस्क का नेतृत्व कर रहे हैं. इन्हें धर्म-अध्यात्म, ज्योतिष, राजनीति, अपराध और सकारात्मक खबरों की रिपोर्टिंग व लेखन में विशेष रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >