UP News: गोरखपुर के जिला कारागार में शुक्रवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब दुष्कर्म और अपहरण का संगीन आरोपी बंदी जेल प्रशासन की आंख में धूल झोंककर फरार हो गया. आरोपी की पहचान बांसगांव थाना क्षेत्र के सरसोपार निवासी विपिन कुमार के रूप में हुई है. संगीन मामले के बंदी के गायब होने की खबर मिलते ही जेल महकमे से लेकर जिला पुलिस प्रशासन तक में खलबली मच गई.
कृषि फार्म में काम के बहाने निकला और दे गया चकमा
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जिला कारागार परिसर स्थित कृषि फार्म (खेत) में बंदियों को दैनिक कार्य और खेती-किसानी के काम के लिए ले जाया गया था. इसी दौरान विपिन कुमार ने सुरक्षाकर्मियों और जेल प्रहरियों की नजरों को चकमा दिया और मौके का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया. काफी देर तक जब वह नजर नहीं आया, तो गिनती के दौरान उसके गायब होने का खुलासा हुआ. इसके बाद जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया.
क्राइम ब्रांच और सर्विलांस एक्टिव, कई जिलों में नाकेबंदी
घटना की सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद पूरे जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को भी लगा दिया गया है. गोरखपुर शहर, बांसगांव और आरोपी के संभावित ठिकानों पर पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी जारी है. इसके अलावा पड़ोसी जिलों की सीमाओं को सील कर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल, होगी कड़ी कार्रवाई
जेल जैसे अति-सुरक्षित क्षेत्र से दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध के आरोपी का इस तरह भाग निकलना जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और प्रहरियों की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े करता है. अधिकारियों का कहना है कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले प्रहरियों व सुरक्षाकर्मियों की जवाबदेही तय की जा रही है और उन पर सख्त विभागीय गाज गिरना तय है. वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: UP विधानसभा 2027: 45 सीटों पर चंद्रशेखर की पहली चुनावी चाल, SC-OBC-मुस्लिम कार्ड से बढ़ाई सियासी हलचल
