यूपी चुनाव 2027: बिहार के बाद चिराग पासवान की यूपी पर नजर, लखनऊ में आज बनेगी चुनावी रणनीति

UP Politics: लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) बिहार के बाद अब उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी जड़ें जमाने की तैयारी कर रही है. पार्टी प्रमुख चिराग पासवान आज लखनऊ में एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें 2027 विधानसभा चुनावों के लिए रणनीतिक मंथन होगा.

UP Politics: बिहार की राजनीति में अपनी पकड़ मजबूत करने के बाद अब लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने उत्तर प्रदेश की सियासी जमीन पर कदम बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है. केंद्रीय मंत्री और पार्टी प्रमुख चिराग पासवान आज लखनऊ में पार्टी की राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे. बैठक में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर रणनीति, संगठन विस्तार और पार्टी को मजबूत करने की दिशा में मंथन होगा. चिराग पासवान सुबह 10:30 बजे लखनऊ में होने वाली बैठक में शामिल होंगे. पार्टी पदाधिकारियों के साथ होने वाली इस बैठक में प्रदेश में संगठन की स्थिति, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी.

यूपी में चुनाव लड़ने का कर चुके हैं ऐलान

इससे पहले 5 जुलाई को चिराग पासवान ने साफ कर दिया था कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है. उन्होंने कहा था कि चुनाव में गठबंधन का स्वरूप और सीटों का फैसला पार्टी की प्रदेश इकाई करेगी, जबकि अंतिम निर्णय केंद्रीय संसदीय बोर्ड की मंजूरी के बाद लिया जाएगा. चिराग पासवान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) आने वाले समय में देशभर में अपने संगठन का विस्तार करने के विजन के साथ आगे बढ़ रही है. इसी रणनीति के तहत उत्तर प्रदेश में भी पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है.

राम विलास पासवान की जयंती लखनऊ में मनाएगी पार्टी

चिराग पासवान ने यह भी बताया कि इस वर्ष पार्टी के संस्थापक और उनके पिता स्वर्गीय राम विलास पासवान की जयंती उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मनाने का फैसला लिया गया है. पार्टी इस आयोजन के जरिए यूपी में अपनी राजनीतिक मौजूदगी को मजबूत करने की कोशिश करेगी.

यूपी की सियासत में नए समीकरणों की तलाश

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 403 में से 255 सीटों पर जीत दर्ज कर सत्ता बरकरार रखी थी. वहीं 2017 के चुनाव में भाजपा ने 312 सीटों के साथ बड़ी जीत हासिल की थी. दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने 2024 के लोकसभा चुनाव में साथ मिलकर चुनाव लड़ा था. इस गठबंधन ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए समाजवादी पार्टी को 37 और कांग्रेस को छह लोकसभा सीटों पर जीत दिलाई थी. अब चिराग पासवान की पार्टी के यूपी चुनाव मैदान में उतरने के संकेतों से प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना बढ़ गई है. आने वाले दिनों में यह साफ होगा कि LJP (राम विलास) किस गठबंधन के साथ मैदान में उतरती है और कितनी सीटों पर चुनाव लड़ने की रणनीति बनाती है.

यह भी पढ़ें: हाईकोर्ट के आदेश पर सामने आई यूपी के 16 हजार स्कूलों की हकीकत, कहीं एक शिक्षक तो कहीं स्कूल ही बंद


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >