NEET विवाद पर राजभर का राहुल-अखिलेश पर वार, बोले- छात्रों की चिंता नहीं सिर्फ सियासत में जुटा विपक्ष

UP News: उत्तर प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने NEET अभ्यर्थियों के प्रदर्शन पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाया है. राजभर ने परीक्षाओं में पारदर्शिता की आवश्यकता पर जोर दिया.

UP News: उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने NEET अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगें जायज हैं और परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है, लेकिन राहुल गांधी और अखिलेश यादव इस मुद्दे को लेकर राजनीति कर रहे हैं. मीडिया से बातचीत के दौरान राजभर ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए और परीक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की जरूरत है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है. राजभर ने कहा कि छात्र शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन आंदोलन के दौरान कुछ लोगों ने आपत्तिजनक और देशविरोधी नारे लगाए. उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी, आजाद समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेता छात्रों के बीच पहुंचे, लेकिन जब हालात बिगड़े तो वे वहां से चले गए.

मोदी सरकार में परीक्षा प्रणाली हुई पारदर्शी

पंचायतीराज मंत्री ने कहा कि सपा और कांग्रेस के शासनकाल में नकल और पेपर लीक की घटनाएं आम थीं. उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाया गया है. पेपर लीक के मामलों में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में नकलविहीन परीक्षा कराने पर जोर दिया जा रहा है और युवाओं के भविष्य के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा.

लाठीचार्ज का समर्थन नहीं, भड़काने वालों पर हो कार्रवाई

राजभर ने कहा कि वह छात्रों पर लाठीचार्ज का समर्थन नहीं करते, लेकिन अगर कोई राजनीतिक दल छात्रों को उकसाकर माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारों में नौकरियों में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतें आती थीं, जबकि वर्तमान सरकार ने बिना भेदभाव और पारदर्शी तरीके से बड़ी संख्या में सरकारी भर्तियां की हैं.

एफएमडी टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ

इससे पहले बुधवार को ओमप्रकाश राजभर ने कलेक्ट्रेट परिसर से खुरपका-मुंहपका (FMD) टीकाकरण अभियान की शुरुआत की. उन्होंने टीकाकरण टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान उन्होंने पौधरोपण और जल संरक्षण को लेकर भी लोगों से अपील की. उन्होंने कहा कि पशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए टीकाकरण अभियान बेहद जरूरी है और सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है.

यह भी पढ़ें: लोकसभा में भड़क उठे अखिलेश यादव, बोले- क्या लड़कियों के कपड़े फाड़ेंगे आप? बेटियों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों?


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Tilak Kumar

तिलक कुमार पिछले 14 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में रिपोर्टिंग का व्यापक अनुभव है. अमर उजाला, प्रभात खबर, जनसंदेश टाइम्स और राष्ट्रीय सहारा जैसे प्रतिष्ठित समाचार संस्थानों में क्राइम रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं. अपराध, राजनीति और हाइपरलोकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. मैदानी रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण और प्रभावशाली खबरों को पाठकों तक पहुंचाया है. जमीनी मुद्दों की गहरी समझ और तथ्यों पर आधारित रिपोर्टिंग उनकी पहचान रही है. वर्तमान में वह प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ जुड़े हुए हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति, अपराध तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन और रिपोर्टिंग कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >