राजस्थान में स्कूल खोले जाने पर संशय लगातार जारी है. इसी बीच सीएम अशोक गहलोत ने बयान देते हुए कहा है कि राज्य में स्कूल खोलने को लेकर कोई जल्दबाजी नहीं है. सीएम के इस बयान के बाद माना जा रहा है कि राज्य में इस महीने स्कूल नहीं खोले जाएंगे.
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार नीति आयोग के सदस्य और कोरोना वैक्सीनेशन को लेकर बनाई गई कमिटी के अध्यक्ष वीके पॉल के साथ मीटिंग के बाद सीएम ने कहा कि हमें उम्मीद है कि केंद्र सरकार जल्द ही शिक्षण संस्थानों खोलने को लेकर गाइडलाइन जारी कर सकती है. सीएम ने आगे कहा कि इसी आधार पर स्कूल खोलने का फैसला किया जाएगा.
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आगे कहा कि कोरोना की तीसरी लहर (Coronavirus Third Wave) को लेकर कुछ स्पष्टता नहीं है. ऐसे में राज्य में स्कूल खोलने की कोई जल्दबाजी नहीं है. उन्होंने कहा कि अब केंद्र ही शिक्षण संस्थान खोलने पर गाइडलाइन जारी करेगी. बता दें कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर आने के बाद राजस्थान में स्कूल बंद कर दिए गए थे.
सरकार ने किया था ऐलान– इससे पहले शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा (Govind Singh Dotasra) ने राज्य में 2 अगस्त से सभी स्कूल खोलने का ऐलान किया था. हालांकि बाद में सीएम के हस्तक्षेप के बाद राज्य में स्कूल खोलने के एसओपी के लिए पांच मंत्रियों की कमेटी बनाई गई थी. हालांकि अब सीएम के इस बयान के बाद राज्य में स्कूल खोलने को लेकर सस्पेंस गहराता जा रहा है.
Posted By : Avinish Kumar Mishra
