Bhubaneswar News: कटक सेकेंडरी बोर्ड हाइस्कूल इंसान गढ़ने की एक प्रयोगशाला : धर्मेंद्र प्रधान

Bhubaneswar News: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कटक सेकेंडरी बोर्ड हाइस्कूल का दौरा किया और छात्र-छात्राओं से बात की.

Bhubaneswar News: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को कटक स्थित सेकेंडरी बोर्ड हाइस्कूल का दौरा कर वहां के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्रों से मुलाकात की. इस अवसर पर श्री प्रधान ने स्मार्ट क्लासरूम में बच्चों के साथ बैठकर पढ़ाई की शैली को देखने के साथ-साथ अध्ययनरत छात्रों से बातचीत भी की.

हाइस्कूल की डायमंड जुबिली के लोगो का किया अनावरण

श्री प्रधान ने कहा कि ओडिशा राज्य बोर्ड व्यवस्था में शिक्षा प्रदान करने के लिए एक आदर्श हाइस्कूल के रूप में विकसित यह संस्थान अपनी एक अनूठी पहचान रखता है. पिछले 66 वर्षों से यह विद्यालय इंसान गढ़ने की प्रयोगशाला रहा है. यह कोई साधारण विद्यालय नहीं, बल्कि हमेशा कुछ न कुछ प्रयोग करने वाला विद्यालय है. आज राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर इस शिक्षण संस्थान में आना और हाइस्कूल के डायमंड जुबिली का लोगो अनावरण करना मेरे लिए गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि यहां कार्यरत शिक्षिकाएं पावर प्वॉइंट के जरिये डिजिटल कंटेंट तैयार कर जिस आधुनिक पद्धति से शिक्षा प्रदान कर रही हैं, वह काबिले-तारीफ है.

मातृभाषा में बच्चों को शिक्षा देने का परामर्श दिया

केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना में बनी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सुझावों के अनुसार मातृभाषा में विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान करने के लिए श्री प्रधान ने स्कूल प्रबंधन को परामर्श दिया. इस हाइस्कूल के पूर्व छात्रों से मुलाकात कर केंद्रीय मंत्री ने संस्थान की परंपरा और विशेषताओं को बनाये रखते हुए स्कूल संचालन पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि इस शिक्षा मंदिर की गरिमा बढ़ाने में पूर्व छात्रों का योगदान अतुलनीय है. ओडिशा के अनेक प्रसिद्ध व्यक्तित्व यहां से पढ़कर देश और विदेश में नाम कमाकर इस विद्यालय का गौरव बढ़ा चुके हैं. इस स्कूल की देखभाल के लिए सभी से आगे आने का भी केंद्रीय मंत्री ने आह्वान किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >