Bhubaneswar News: बिहार में मिली जीत प्रधानमंत्री के नेतृत्व की बड़ी स्वीकृति : धर्मेंद्र प्रधान

Bhubaneswar News: भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का भव्य स्वागत हुआ. उन्होंने पुरी पहुंचकर महाप्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद लिया.

Bhubaneswar News: बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की ऐतिहासिक जीत के बाद शुक्रवार को ओडिशा पहुंचे केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का भुवनेश्वर हवाईअड्डा पर उत्साहपूर्ण और भव्य स्वागत किया गया. ओडिशा के विभिन्न इलाकों से पहुंचे हजारों लोग, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक उन्हें स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचे.

पूर्वी भारत के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं

श्री प्रधान ने मीडिया से बातचीत में बिहार में एनडीए की अभूतपूर्व जीत के लिए बिहार की जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की संगठनात्मक कुशलता और बिहार के लोकप्रिय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व पर जनता ने एक बार फिर भरोसा जताया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी पूर्वी भारत के समग्र विकास के लिए ‘पूर्वोदय’ की परिकल्पना कर रहे हैं, क्योंकि पूर्वी भारत के विकास के बिना देश का विकास संभव नहीं है. बिहार में एनडीए को पुनः सेवा का अवसर मिलना प्रधानमंत्री के नेतृत्व की बड़ी स्वीकारोक्ति है. आज देश में चल रही कल्याणकारी शासन प्रणाली ने प्रधानमंत्री को जनता का विश्वसनीय नेता बनाया है.

कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को जनता ने खारिज किया

केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा कि कांग्रेस की विभाजनकारी और नकारात्मक राजनीति को जनता ने सिरे से खारिज कर दिया है. इसके साथ ही नुआपाड़ा उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार जय ढोलकिया की बड़ी जीत पर श्री प्रधान ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और राज्य भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल को शुभकामनाएं दीं. स्वागत समारोह के दौरान ओडिशा के पारंपरिक नृत्य और संगीत ने पूरे एयरपोर्ट परिसर को रंगीन माहौल में बदल दिया. कलाकार पारंपरिक वेशभूषा में सजे हुए घंट, शंख और मृदंग की ताल पर नृत्य प्रस्तुत करते हुए केंद्रीय मंत्री का अभिनंदन कर रहे थे. फूल-मालाएं, उत्साहपूर्ण जयघोष और पटाखों की गूंज से एयरपोर्ट का इलाका उत्सवमय हो उठा. इसके बाद श्री प्रधान सीधे पुरी श्रीमंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने महाप्रभु जगन्नाथ का दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया. भुवनेश्वर हवाई अडडे पर पहुंचने के बाद पार्टी के सांसद, विधायक अनेक वरिष्ठ नेता शामिल थे.

धर्मेंद्र प्रधान के प्रयासों की सांसद व विधायक ने की सराहना

जगतसिंहपुर सांसद विभू तराई ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान ने देश के साथ-साथ ओडिशा के विकास को भी प्राथमिकता दी है. उन्हें जो भी जिम्मेदारी मिली है, उसे उन्होंने हमेशा प्रभावी ढंग से निभाया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के विश्वसनीय सहयोगी बनकर राष्ट्रीय राजनीति में उन्होंने एक नया छाप छोड़ा है. वहीं आस्का सांसद अनिता शुभदर्शनी ने कहा कि प्रधान ओडिशा के गौरव हैं. आज का यह जनसैलाब उनकी लोकप्रियता का प्रमाण है. जब उन्होंने बिहार चुनाव की जिम्मेदारी संभाली, तभी यह स्पष्ट हो गया था कि भाजपा बिहार में बड़ी जीत दर्ज करेगी. बिहार की जनता ने विकास के पक्ष में मतदान किया है. भुवनेश्वर (एकाम्र) विधायक बाबू ने कहा कि ओडिशा के बेटे और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बिहार सहित पूरे देश के श्रेष्ठ नेताओं में एक बन चुके हैं. यह हमारे लिए गर्व का विषय है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >