स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती ‘गुरु, ग्रंथ और गरिमा’ का प्रतीक : माझी

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जन्म शताब्दी समारोह में भाग लिया. उन्होंने गुरुजांग को 'हेरिटेज विलेज' बनाने और फूलबाणी मेडिकल कॉलेज का नामकरण स्वामीजी के नाम पर करने की घोषणा की.

भुवनेश्वर/अनुगूल : ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को अनुगूल जिले के तालचेर के निकट गुरुजांग में आयोजित स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के जन्म शताब्दी समारोह में भाग लिया.

गुरुजांग को ‘हेरिटेज विलेज’ बनाने की घोषणा

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की जन्मस्थली गुरुजांग को ‘हेरिटेज विलेज’ के रूप में विकसित किया जायेगा, जबकि गुरुजांग पंचायत को ‘आदर्श’ पंचायत बनाया जायेगा. समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री माझी ने स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती को समाज के लिए ‘गुरु, ग्रंथ और गरिमा’ का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि स्वामीजी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक महान आदर्श, सामाजिक संस्था और सनातन धर्म के मार्गदर्शक थे.

फूलबाणी मेडिकल कॉलेज का स्वामीजी के नाम पर किया गया नामकरण

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामीजी की सेवा और त्याग को सम्मान देने के लिए राज्य सरकार ने कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये हैं. फूलबाणी सरकारी मेडिकल कॉलेज का नाम बदलकर ‘स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती मेडिकल कॉलेज’ किया गया है. इसके अलावा जलेशपटा आश्रम, आश्रम स्कूल और कन्याश्रम के विकास तथा विरासत संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री विशेष सहायता (सीएमएसए) कोष से ₹13 करोड़ मंजूर किये गये हैं. इस राशि में से 5 करोड़ रुपये से 300 सीटों वाला छात्रावास बनाया जायेगा, जबकि 3 करोड़ रुपये विरासत स्थलों के संरक्षण पर खर्च किये जायेंगे. इसके अलावा पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एक मेगा रिवर लिफ्ट परियोजना भी प्रस्तावित है.

पूर्व सरकार पर विफलता, लापरवाही और तुष्टीकरण की राजनीति का लगाया आरोप

2008 में जन्माष्टमी की रात स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की हत्या का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री माझी ने तत्कालीन सरकार पर विफलता, लापरवाही और तुष्टीकरण की राजनीति का आरोप लगाया. उन्होंने दावा किया कि हत्याकांड की जांच के लिए गठित न्यायमूर्ति महापात्र और न्यायमूर्ति नायडू आयोगों की रिपोर्ट तथा संबंधित फाइलों का लोकसेवा भवन से गायब होना गंभीर विषय है. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार इस मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने ओडिशा की जनता को आश्वासन देते हुए कहा कि स्वामीजी के रक्त की हर बूंद को न्याय मिलेगा और सच्चाई सामने आना सुनिश्चित होगा.

युवा पीढ़ी से अपनी जड़ों से जुड़ने का किया आह्वान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के विजन का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती की अंत्योदय की विचारधारा निहित है. उन्होंने युवा पीढ़ी, विशेषकर जेन जी से अपनी जड़ों, शिक्षा, संस्कृति, वेद, संस्कृत, गो-संरक्षण और सनातन परंपराओं से जुड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया. विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने भी स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती के आध्यात्मिक और सामाजिक योगदान को याद किया. उन्होंने युवाओं से स्वामीजी के त्याग और संघर्ष से प्रेरणा लेकर नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में योगदान देने की अपील की.

सामाजिक जागरण के प्रमुख वाहक थे स्वामीजी : प्रधान

पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और संबलपुर सांसद धर्मेंद्र प्रधान ने मुख्यमंत्री द्वारा गुरुजांग को ‘हेरिटेज विलेज’ और पंचायत को ‘आदर्श पंचायत’ बनाने की घोषणा का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि यह निर्णय स्वामीजी की अमर स्मृति के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है और इससे क्षेत्र की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान और मजबूत होगी. प्रधान ने कहा कि स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती केवल एक संन्यासी नहीं थे, बल्कि वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जागरण के प्रमुख वाहक थे. जलेशपटा और चकापाद आश्रमों के माध्यम से उन्होंने वनवासी बालिकाओं को शिक्षा और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया. समारोह में पंचायती राज एवं पेयजल मंत्री रवि नारायण नायक, सांसद रुद्र नारायण पाणि, कंधमाल सांसद सुकांत कुमार पाणिग्राही, परजंग विधायक विभूति भूषण प्रधान, पाल्लहड़ा विधायक अशोक मोहंती, हिंदोल विधायक सीमा रानी नायक, अनुगूल विधायक प्रताप चंद्र प्रधान, छेंडीपदा विधायक अगस्ती बेहेरा, स्वामी जीवन मुक्तानंद जी, स्वामी सचिदानंद जी महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि, साधु-संत और गणमान्य लोग मौजूद रहे. समारोह में राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भी भाग लिया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >