राउरकेला : राउरकेला सर्किट हाउस से हथियारों की बरामदगी के मामले में सात में से तीन आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को दो दिन की रिमांड पर लिया है. इन आरोपियों में राजेश डुंगरी, विकास और सागर साहू शामिल हैं. इस दौरान पुलिस तीनों आरोपियों से विस्तार से पूछताछ करेगी, ताकि हथियार मिलने की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके और मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके. अब जांच का मुख्य फोकस हथियार के स्रोत, कमरा बुक करने का मकसद और अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता पर रहने की संभावना है. पानपोष एसडीपीओ सुशांत कुमार दास ने बताया कि हम सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं.
उपजिलापाल कार्यालय से मांगी गयी विस्तृत जानकारी
एसपीडीओ ने कहा कि उपजिलापाल कार्यालय से विस्तृत जानकारी मांगी गयी है कि कमरा नंबर-107 किसके नाम से बुक था. साथ ही सर्किट हाउस के उस निजी वेंडर को भी जांच के दायरे में लाया जा रहा है, जिसके जिम्मे इसकी सुरक्षा और सेवा थी. जांच में अतीत के कुछ मामलों का भी कनेक्शन निकल रहा है, जिसकी पड़ताल चल रही है. अभिषेक धल से मारपीट के मामले से जुड़ाव की भी जांच चल रही है. जल्द ही मामले की परतें खुलेंगी. सर्किट हाउस के बुकिंग रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरों के फुटेज आदि को भी खंगाला जा रहा है.
14 अगस्त को चार पिस्तौल व 11 कारतूस मिला था
पानपोष स्थित सर्किट हाउस में छापेमारी कर पुलिस ने 14 अगस्त को चार पिस्तौल और 11 कारतूस बरामद किया था. साथ ही, मामले में सात युवकों को गिरफ्तार किया गया था. सभी को पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद अदालत में पेश किया था. बुधवार को इनमें से तीन को रिमांड पर लिया गया है. अभी सबसे बड़ा सवाल सर्किट हाउस के कमरे की बुकिंग को लेकर उठ रहा है. इस मामले के राजनीतिक जुड़ाव की भी जांच चल रही है.
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने की एसपी से मुलाकात
इधर, सर्किट हाउस मामले को लेकर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिला. जिसमें कल्पना लेंका, लतिका पटनायक, धीरेन सेनापति, सुब्रत पटनायक, शशांक जेना, प्रणव पंडा, सरोज दास, हीरोज राय, वी बर्देश्वर राव, जीतू पटनायक आदि शामिल थे. सबने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की. मुलाकात के बाद कल्पना लेंका ने कहा कि कानून सबसे ऊपर है. जो भी इस मामले में शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
