Sundargarh News: एसआइआर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को पारदर्शी और भरोसेमंद बनायेगा : जुएल ओराम
Sundargarh News: सुंदरगढ़ स्थित जिला भाजपा कार्यालय में एसआइआर को लेकर समीक्षा और समन्वय बैठक में केंद्रीय मंत्री शामिल हुए.
Sundargarh News: जिला भाजपा कार्यालय, भोजपुर में सुंदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बीएलए-2, एसआइआर जिला टोली और मंडल टोली के सदस्यों के साथ एक जरूरी समीक्षा और समन्वय बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता सुंदरगढ़ की पूर्व विधायक और सुंदरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की बीएलए-1 कुसुम टेटे और जिलाध्यक्ष गिरीश चंद्र साहू ने की.
एसआइआर-2026 के महत्व और जरूरत पर जानकारी दी
बैठक में बतौर मुख्य अतिथि, सुंदरगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद और केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री जुएल ओराम शामिल हुए. उन्होंने एसआइआर-2026 के महत्व और जरूरत पर विस्तृत जानकारी दी. कहा कि एसआइआर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को ज्यादा मजबूत, साफ और भरोसेमंद बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है. अगर हर बीएलए-1, बीएलए-2 और टोली सदस्य अपनी जिम्मेदारियों को पक्के इरादे, अनुशासन और लगन के साथ पूरा करें, तो एसआइआर को जबरदस्त सफलता मिलेगी.
कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर काम करने का किया आह्वान
केंद्रीय मंत्री ओराम ने सभी कार्यकर्ताओं से केंद्र सरकार की 12 साल की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की ऐतिहासिक यात्रा, राज्य सरकार की सफलता के दो साल और आने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रमों को जनभागीदारी के महाअभियान में बदलने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया. बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम टेटे, जिलाध्यक्ष गिरीश चंद्र साहू, एसडीसी अध्यक्ष संतोष अमात, राउरकेला संगठन जिला प्रभारी और पूर्व राज्य कार्यकारिणी सदस्य बटकिशोर मिश्रा ने एसआईआर कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए संगठनात्मक मजबूती, लगातार समीक्षा और क्षेत्र स्तर की गतिविधियों में गतिशीलता पर जोर दिया. इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र भितिरया, जिला महासचिव रूपेश पटेल, स्वच्छ भारत के पूर्व राज्य सह-संयोजक सुरेंद्र झुलकर, किसान मोर्चा के पूर्व कार्यसमिति सदस्य सुरेश पटेल और सांसद की जिला प्रतिनिधि खुशबू यादव मंचासीन थीं. इसके अलावा, कई मंडल अध्यक्ष, बीएलए-2, एसआईआर जिला और मंडल टोली सदस्य, राज्य, जिला अधिकारी और वरिष्ठ नेता मौजूद थे.
बीजद नेता केशव राणा भाजपा में शामिल, केंद्रीय मंत्री ने किया स्वागत
बालिशंकरा इलाके के जाने-माने वकील और बीजद के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष केशव राणा सोमवार को केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्री और सुंदरगढ़ लोकसभा सांसद जुएल ओराम की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये. श्री ओराम ने पार्टी में उनका स्वागत किया. केशव राणा दिवंगत कुशाधर राणा के सबसे छोटे बेटे हैं. दिवंगत कुशाधर राणा ने कई सालों तक विश्व हिंदू परिषद के सुंदरगढ़ जिला समन्वयक के तौर पर सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चेतना फैलाने में अहम योगदान दिया था. उनके आदर्शों और सेवा की विरासत को आगे बढ़ाते हुए केशव राणा ने कहा कि वे जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के मकसद से भाजपा में शामिल हुए हैं. वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चलायी जा रही जनकल्याण और विकास योजनाओं से प्रभावित हैं. श्री ओराम ने कहा कि केशव राणा जैसे अनुभवी, समाजसेवी और संगठन में माहिर व्यक्ति के भाजपा में शामिल होने से पार्टी और मजबूत होगी.