राउरकेला : राउरकेला रेलवे स्टेशन के वॉल्व ऑपरेटर रूम में महिला यात्री से दुष्कर्म के आरोपी कपिलेश्वर सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है. कपिलेश्वर ने कन्फर्म टिकट दिलाने का झांसा देकर महिला यात्री के साथ दुष्कर्म किया था. चक्रधरपुर रेल डिवीजन के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने आरोपी की बर्खास्तगी की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना संज्ञान में आने के बाद गुरुवार को ही आरोपी पर कार्रवाई की गयी है. वहीं, कपिलेश्वर को रेलवे पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश कर दिया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
कन्फर्म टिकट दिलाने का झांसा देकर किया था दुष्कर्म
पीड़िता की लिखित शिकायत के अनुसार, राउरकेला रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर वह जब दिन के 11:30 बजे ट्रेन की प्रतीक्षा कर रही थी, इसी दौरान कपिलेश्वर आया और उसने खुद को रेलकर्मी बताकर उसका टिकट देखा. कपिलेश्ववर ने पीड़िता को बताया कि उसका टिकट कन्फर्म नहीं है, लेकिन वह उसकी मदद करेगा. यह कहकर वह पीड़िता को अपने साथ ऑपरेटर रूम में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया. देर शाम पीड़िता ने इसकी शिकायत रेलवे पुलिस से की. जिसके बाद हरकत में आयी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
रेलवे स्टेशन में महिला यात्रियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
हमेशा व्यस्त रहनेवाले राउरकेला रेलवे स्टेशन परिसर में युवती से ऑफिसर गेस्ट हाउस के पास ही वॉल्व रेस्टरूम में दुष्कर्म की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं. जीआरपी, आरपीएफ, वन स्टॉप सेंटर और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी के बावजूद रेलवे के ही कर्मचारी ने इस वारदात को अंजाम दे दिया. इस बारे में सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने बताया कि हम पुलिस से संपर्क में हैं और जो भी दिशानिर्देश हैं, उसका पालन किया जा रहा है.
पिछले साल से राउरकेला में पोस्टेड था कपिलेश्वर
राउरकेला रेलवे एसपी कृष्णा प्रसाद दास ने कहा - वॉल्व ऑपरेटर कपिलेश्वर सिंह राउरकेला में पिछले साल से पोस्टेड है. पीड़िता की शिकायत पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की जांच चल रही है. पीड़िता और आरोपी का मेडिकल भी कराया गया है.
