Rourkela News: सुंदरगढ़ जिले समेत पूरे ओडिशा में भीषण गर्मी और उमस ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है. शनिवार को राउरकेला का तापमान 40 डिग्री के आसपास पहुंच गया, जिससे लोग तेज धूप और गर्मी से परेशान रहे. सुबह से ही सूरज आग बरसा रहा था, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा. लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले. गर्मी से बचने के लिए लोग छतरी, गमछा, टोपी और चश्मे का सहारा लेते दिखे.
प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की
इसके अलावा सड़क पर निकलने वाले लोग गन्ने का रस, नारियल पानी, डाव, लस्सी, मट्ठा, कोल्ड ड्रिंक पीते दिखे. सड़क किनारे सब्जी बेचने वाले भी धूप से बचने के लिए छतरी का सहारा लिये थे. कई जगहों पर लोग पेड़ों की छांव में बैठे दिखे. वहीं जिला प्रशासन की ओर से गर्मी से राहत के लिए राउरकेला सरकारी अस्पताल समेत विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में ओआरएस के पैकेट मुफ्त बांटे जा रहे हैं. अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गर्मी के दौरान अधिक पानी पीएं और धूप में निकलने से बचें. बस स्टैंड और बाजार जैसे व्यस्त इलाकों में लोगों की भीड़ कम दिखी. जो लोग बाहर थे, वे जल्द से जल्द अपने काम निपटाकर घरों की ओर लौटते दिखए. गर्मी के कारण कई जगहों पर बिजली कटौती से भी लोग परेशान रहे. मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक इसी तरह की गर्मी की संभावना जतायी है.
काल बैसाखी का दौर खत्म, लोगों की बढ़ी परेशानी
राउरकेला समेत पूरे सुंदरगढ़ जिले में मई माह के पहले सप्ताह से ही काल बैसाखी के प्रभाव में आंधी-पानी का दौर जारी है. पिछले एक पखवाड़ा में शहर के अलग-अलग इलाकों में तेज हवा व बारिश से भारी नुकसान हुआ है. हालांकि, इसने लोगों को गर्मी से राहत दिलायी थी. अब एक बार फिर लोगों को गर्मी सताने लगी है. ऐसे में लोग सावधानी बरतते हुए घर से बाहर निकल रहे हैं और राज्य सरकार की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन कर रहे हैं.
