Jharsuguda News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से तेल का इस्तेमाल कम करने की अपील की है और खुद भी अपने काफिला में वाहनों की संख्या घटा दी है. मुख्यमंत्री मोहन माझी ने भी अपना काफिला आधा कर दिया है. लेकिन झारसुगुड़ा विधायक अभी भी एस्कॉर्ट और पुलिस गाड़ियों का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं. यह बातें शुक्रवार को जिला बीजद अध्यक्ष हरीश गणात्रा ने कही.
प्रधानमंत्री ने लोगों से की है किफायती जीवनशैली अपनाने की अपील
सरबहाल स्थित बीजद कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में झारसुगुड़ा विधायक टंकधर त्रिपाठी पर निशाना साधते हुए जिला अध्यक्ष गणात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से तेल का कम इस्तेमाल करने की अपील की है, क्योंकि उन्हें डर है कि मौजूदा अंतरराष्ट्रीय हालात और ईरान-अमरिका के बीच चल रहे तनाव के बीच देश में तेल का संकट हो सकता है. एक तरफ पीएम ने लोगों से पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल कम करने, बेवजह यात्रा नहीं करने और किफायती जीवनशैली अपनाने की अपील की है. दूसरी ओर झारसुगुड़ा विधायक अभी भी एस्कॉर्ट और पुलिस गाड़ियों का खूब इस्तेमाल कर रहे हैं. झारसुगुड़ा विधायक इस अपील पर ध्यान नहीं दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि जब भी विधायक कहीं जाते हैं, तो उनके आगे-पीछे पुलिस एस्कॉर्ट और बैरिकेड्स होते हैं, जिससे बेवजह ईंधन की खपत बढ़ती है. इसके साथ ही, पूर्व जिला अध्यक्ष रवि सिंह ने पूछा कि क्या झारसुगुड़ा विधायक भी मुख्यमंत्री की तरह अपनी एस्कॉर्ट गाड़ियों का इस्तेमाल कम करेंगे.
