राउरकेला : शहर में विगत 13 अगस्त से लगातार हुई बारिश के कारण स्टील सिटी से लेकर स्मार्ट सिटी में उत्पन्न कृत्रिम बाढ़ से जान-माल के नुकसान के बाद इसका समाधान करने के लिए रेलवे, जिला प्रशासन, आरएसपी व राउरकेला विधायक एक मंच पर आये हैं. राउरकेला विधायक ने कृत्रिम बाढ़ से निपटने के लिए रेलवे की भूमिका की सराहना तो की है, लेकिन साथ ही दो-टूक शब्दों में कहा कि इस बाढ़ के लिए रेलवे ही 80 फीसदी जिम्मेदार है.
रेलवे, प्रशासन, आरएसपी और विधायक ने की बैठक, लिया गया निर्णय
जानकारी के अनुसार, शहर में जलनिकासी व्यवस्था खराब होने से उत्पन्न कृत्रिम बाढ़ की पुनरावृत्ति रोकने को लेकर जिला प्रशासन, रेलवे व आरएसपी की बैठक बुधवार को राउरकेला महानगर निगम के सम्मेलन कक्ष में हुई. इसमें जिलापाल डॉ शुभंकर महापात्र, चक्रधरपुर डीआरएम तरुण हुरिया व आरएसपी के अधिकारी शामिल थे. राउरकेला एडीएम व राउरकेला महानगर निगम की आयुक्त दीना दस्तगीर भी बैठक में उपस्थित थीं. इस बैठक में कृत्रिम बाढ़ के कारणों की समीक्षा हुई तथा इसकी पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए राउरकेला महानगर निगम, रेलवे व आरएसपी की ओर से समन्वय बनाकर काम करने का निर्णय लिया गया. बैठक के बाद जिलापाल डॉ महापात्र ने बताया कि आगामी दिनों में शहर के ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त बनाने को लेकर एक मास्टर प्लान तैयार किया जायेगा. शहर में इस तरह की बाढ की स्थिति दोबारा न हो, इसे ध्यान में रखकर मास्टर प्लान बनाने पर विचार विमर्श किया जा रहा है.
नाली की हुई सफाई, होगा स्थायी समाधान : डीआरएम
राउरकेला रेलवे स्टेशन में स्टेशन मास्टर के कक्ष में विधायक शारदा प्रसाद नायक व डीआरएम तरुण हुरिया ने बैठक की. इस बैठक के बाद डीआरएम हुरिया ने बताया कि गत 13 अगस्त से वे राउरकेला में रहकर स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं. जिस नाली की वजह से जलजमाव हो रहा था, उस नाली की पूरी तरह से सफाई कर दी गयी है. हालांकि यह अस्थायी व्यवस्था है, आगामी दिनों में इसका स्थायी समाधान करने के लिए जिला प्रशासन के साथ मिलकर काम किया जायेगा. वहीं विधायक शारदा प्रसाद नायक ने कृत्रिम बाढ़ के दौरान इसका समाधान करने के लिए दक्षिण-पूर्व रेलवे का आभार जताया है, खासकर डीआरएम का. जिन्होंने पूरे समय पर रहकर इस समस्या का समाधान किया.
पार्किंग, जर्जर ड्रेन पर कराया ध्यानाकर्षण
विधायक शारदा नायक ने डीआरएम के साथ बैठक में कहा कि अब पुरानी बातों को दोहराने का मतलब नहीं है. आगामी दिनों में रेलवे तथा आरएसपी के साथ समन्वय बनाकर आरएमसी मास्टर प्लान बनायेगी, ताकि इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा. इसके साथ ही विधायक शारदा ने स्टेशन में सब्जी विक्रेताओं की परेशानी, पार्किंग की अव्यवस्थाा, रेलवे कॉलोनी में जर्जर ड्रेन व सड़क की समस्या के प्रति भी डीआरएम का ध्यान आकर्षित किया.
