अनुगूल : अनुगूल जिले की जरपड़ा थाना पुलिस ने स्पेशल स्क्वॉयड के साथ रेलवे स्टेशन के पास छापा मारकर एक क्विंटल 16 किलो गांजा, एक लाख 66 हजार 800 रुपये नकद और एक कार जब्त की है. इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है. वहीं संबलपुर जिले की चारमाल थाना पुलिस ने एक कार से 27.980 किलो गांजा जब्त किया. इस मामले में पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है.
कार व फार्म हाउस से मिला 1.16 क्विंटल गांजा
जरपड़ा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जरपड़ा रेलवे स्टेशन के पास अवैध गांजे की तस्करी हो रही है. सूचना पर जरपड़ा थाना अधिकारी मनोज प्रधान और अनुगूल स्पेशल स्क्वॉयड की टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में स्टेशन के पास स्थित सागर फार्म हाउस पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान एक महंगी कार से दो बोरी गांजा बरामद हुआ, जबकि फार्म हाउस के अंदर से तीन बोरी और गांजा मिला. कुल पांच बोरियों से एक क्विंटल 16 किलो गांजा जब्त किया गया. तलाशी के दौरान कार से एक लाख 66 हजार 800 रुपये नकद भी बरामद हुआ. पुलिस ने जरपड़ा गांव के व्यवसायी अरविंद साहू को गिरफ्तार किया है. गांजा कहां से लाया गया था, कहां भेजा जा रहा था और इस अवैध कारोबार में और कौन लोग शामिल हैं, इसको लेकर पुलिस जांच कर रही है.
उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा था गांजा, पुलिस ने की कार्रवाई
संबलपुर की चारमाल थाना पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में बुधवार को एक कार से 27.980 किलो गांजा जब्त किया गया. मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सोनपुर इलाके से मोचीबहाल जंगल के रास्ते कार में गांजा उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है. चारमाल थाना अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने नाकेबंदी कर कार को रोका. तलाशी में कार से गांजा बरामद हुआ. पुलिस ने इस मामले में दीपक कर्मी (22) और तपन नायक (19) (निवासी सुवर्णपुर जिला) तथा त्रिभुवन सिंह यादव (32), रवि प्रकाश यादव (20) और सतीश कुमार गौड़ (30) (निवासी उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन (पांच एंड्रॉयड और एक आइफोन-13) और 1060 रुपये नकद भी जब्त किये गये.
