डीजीपी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, त्योहारों से पहले अपराध पर सख्ती का दिया निर्देश

ओडिशा के डीजीपी विनयतोष मिश्रा ने कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की. आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और थानों में नागरिकों से सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए गए हैं.

भुवनेश्वर : ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनयतोष मिश्रा ने शुक्रवार को राज्य पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की. बैठक में आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए सुरक्षा तैयारियों पर भी विस्तार से चर्चा हुई. सभी रेंज के आइजी/डीआइजी और जिलों के पुलिस अधीक्षक (एसपी) वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए. इस दौरान मौजूदा कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान, महत्वपूर्ण मामलों की समीक्षा, बेहतर जनसेवा और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा की गयी.

थाना में नागरिकों से हो सम्मानजनक व्यवहार

डीजीपी मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुलिस थाना में शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक नागरिक की बात धैर्यपूर्वक सुनी जाये और उसके साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाये. उन्होंने मामलों की निष्पक्ष और त्वरित जांच पर जोर देते हुए पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने का निर्देश दिया. एसडीपीओ को भी अधीनस्थ थानों का नियमित निरीक्षण कर पुलिस कार्यों की निगरानी करने को कहा गया.

त्योहारों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

अगस्त से नवंबर के बीच जन्माष्टमी, गणेश पूजा, नुआखाई, विश्वकर्मा पूजा, दुर्गा पूजा, गजलक्ष्मी पूजा, पैगंबर मोहम्मद का जन्मदिन, दीपावली/काली पूजा, आंवला नवमी, पंचूक और बाली यात्रा सहित कई प्रमुख त्योहार होने हैं. इसे देखते हुए डीजीपी ने अधिकारियों को समय रहते व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन के प्रभावी उपाय करने तथा नियमित रूप से शांति समिति की बैठकें आयोजित करने को कहा. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामुदायिक संगठनों के साथ लगातार समन्वय बनाये रखने तथा सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिये गये.

आदतन व संगठित अपराधियों पर हो कड़ी कार्रवाई

अपराध नियंत्रण को लेकर डीजीपी ने आदतन और संगठित अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने को कहा. अवैध पशु तस्करी और अवैध पटाखा निर्माण पर रोक के लिए चेकिंग एवं गश्त बढ़ाने तथा अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ नियमित छापेमारी करने के निर्देश दिये. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी तत्काल कार्रवाई पर जोर दिया गया. सोशल मीडिया पर अफवाहों, भड़काऊ, आपत्तिजनक या भ्रामक सामग्री की कड़ी निगरानी करने और ऐसी सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

खुफिया तंत्र को मतबूत करने, साइबर अपराध पर लगाम लगाने को कहा

डीजीपी ने संभावित अपराधों की समय रहते जानकारी जुटाने के लिए आपराधिक खुफिया तंत्र को और मजबूत करने पर भी जोर दिया. साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए उन्होंने साइबर पुलिस थानों को और मजबूत करने तथा मामलों की जांच को अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिये. सभी जिला एसपी को सप्ताह में कम से कम एक बार साइबर पुलिस थानों का दौरा कर कार्यों और लंबित मामलों की समीक्षा करने को कहा गया. डीजीपी मिश्रा ने सभी जिला आरक्षी अधीक्षकों को नियमित रूप से शांति समिति की बैठकें आयोजित करने और स्थानीय स्तर पर पुलिस एवं आम जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया. बैठक में अतिरिक्त डीजीपी सौमेंद्र प्रियदर्शी, संजय कुमार, प्रतीक मोहंती और जितेंद्र कोएल, आइजीपी एस प्रवीण कुमार, डीआईजी कंवर विशाल सिंह, चरण सिंह मीणा और किशोर कुमार बनोथ सहित सभी रेंज के आइजी/डीआइजी और जिला के एसपी उपस्थित रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >