बिसरा में दंतैल हाथी का उत्पात, दो घरों को तोड़ा, ट्रेन परिचालन बाधित

शुक्रवार तड़के एक दंतैल हाथी ने बिसरा के ओराम टोला में घुसकर दो ग्रामीणों के कच्चे मकानों को तोड़ दिया, जिससे गांव में दहशत फैल गई. हाथियों की मौजूदगी के कारण हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों का परिचालन एक घंटे तक बाधित रहा.

बिसरा : डरेईकेला पंचायत के ओराम टोला में शुक्रवार तड़के एक दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. तड़के करीब साढ़े चार बजे जंगल से निकलकर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचे हाथी ने दो ग्रामीणों के कच्चे मकान को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. हाथी के अचानक हमले से गांव में दहशत का माहौल है.

घर में सो रहे थे लोग, तेज आवाज सुनकर निकले बाहर

शुक्रवार तड़के करीब 4:30 बजे एक दंतैल हाथी गांव में घुस आया. हाथी ने सबसे पहले फुलु ओराम और अमित लकड़ा के कच्चे मकान को क्षतिग्रस्त कर दिया. घरों के टूटने से दोनों परिवारों को काफी नुकसान हुआ है. ग्रामीणों ने बताया कि घटना के समय वे लोग अपने घरों में सो रहे थे. अचानक उन्हें घर के बाहर से तेज आवाजें सुनायी देने लगीं. कुछ देर बाद जब ग्रामीण बाहर निकले, तो उनके घर का एक हिस्सा टूट चुका था और सामान बिखरा पड़ा था. आसपास के ग्रामीणों से जानकारी लेने तथा घर की स्थिति देखने के बाद उन्हें पता चला कि हाथी ने उनके घर पर हमला किया था. हाथी के गांव में घुसने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण भी सतर्क हो गये. हालांकि घटना के दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

वन विभाग से मुआवजा देने की मांग

घटना के बाद पीड़ित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा देने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हाथियों की आवाजाही बढ़ रही है, जिससे लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने, आबादी वाले इलाकों में उनकी आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है.

दंतैल हाथी का रेल पटरी पर डेरा, राउरकेला और मनोहरपुर स्टेशन पर खड़ी रहीं ट्रेनें

हाथियों की आवाजाही की वजह से शुक्रवार तड़के हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर करीब एक घंटे तक ट्रेनों का परिचालन बाधित रहा. चक्रधरपुर रेल मंडल के भालूलता और बिसरा रेलवे स्टेशन के बीच अचानक जंगली हाथियों के झुंड के रेलवे ट्रैक पर आ जाने से रेल प्रशासन को करीब एक घंटे तक ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह रोकना पड़ा. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे एक दंतैल हाथी भालूलता और बिसरा रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे पटरी पर पहुंच गया. इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग ने तत्काल रेलवे प्रशासन को जानकारी दी. हाथी की मौजूदगी को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने एहतियातन इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया. परिचालन बाधित होने के कारण ट्रेन संख्या 18478 उत्कल एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 18114 टाटानगर एक्सप्रेस को राउरकेला रेलवे स्टेशन पर रोक दिया गया, जबकि ट्रेन संख्या 12102 ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस को मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा. इस दौरान यात्रियों को भी ट्रेनों के दोबारा चलने का इंतजार करना पड़ा. वन विभाग और रेलवे की निगरानी के बीच जब जंगली हाथी रेलवे ट्रैक से दूर चले गये, तब करीब चार बजे इस रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन पुनः सामान्य कर दिया गया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By जगन्नाथ महतो

जगन्नाथ महतो को पत्रकारिता का 25 सालों का अनुभव है. वे वर्ष 2001 से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने संबलपुर विश्वविद्यालय से स्नातक किया है. राजनीति और खेल की रिपोर्टिंग में इनकी विशेषज्ञता है. डिजिटल जर्नलिज्म का छह साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >