भुवनेश्वर : वैश्विक स्तर पर ओडिशा की औद्योगिक पहचान को मजबूत करने और राज्य में विदेशी पूंजी निवेश को गति देने के लिए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अरब अमीरात (यूएइ) की यात्रा पर है. बुधवार को अपने निवेश संपर्क अभियान (इन्वेस्टमेंट आउटरीच प्रोग्राम) के पहले ही दिन मुख्यमंत्री ने यूएइ के शीर्ष उद्योगपतियों, प्रमुख निवेश संस्थानों और प्रवासी भारतीय कारोबारी समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ सिलसिलेवार उच्चस्तरीय बैठकें कीं. इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य ओडिशा के समृद्ध औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र, बुनियादी ढांचे, और निवेश के लिए अनुकूल माहौल को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना रहा.
अंतरराष्ट्रीय होल्डिंग कंपनी के अधिकारियों के साथ गोलमेज बैठक की
अभियान की शुरुआत में मुख्यमंत्री माझी और प्रतिनिधिमंडल ने यूएइ के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में से एक अंतरराष्ट्रीय होल्डिंग कंपनी के अधिकारियों के साथ एक विशेष गोलमेज बैठक की. इस दौरान ओडिशा में संभावित औद्योगिक साझेदारियों और विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई. दिन का एक प्रमुख केंद्र बिंदु प्रमुख पेट्रोकेमिकल कंपनी बोरोज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हजीम सुल्तान अल सुवैदी के साथ मुख्यमंत्री की बैठक रही. इसमें ओडिशा के पेट्रोकेमिकल और डाउनस्ट्रीम उद्योगों में निवेश की विशाल संभावनाओं को रेखांकित किया गया.
ओडिशा वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी निवेश गंतव्य बनने को तैयार : माझी
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि ओडिशा आज केवल भारत का ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर एक प्रतिस्पर्धी और संभावनाओं से भरपूर निवेश गंतव्य बनने के लिए पूरी तरह तैयार है. राज्य में अपार संसाधन, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश-अनुकूल नीतियां मौजूद हैं. संयुक्त अरब अमीरात के साथ यह संवाद भविष्य में रणनीतिक औद्योगिक सहयोग, नये रोजगार के अवसरों और दीर्घकालिक वैश्विक साझेदारियों के नये द्वार खोलेगा.
भारतीय कारोबारी समुदाय से किया संवाद, ओडीओपी प्रदर्शनी का उद्घाटन
अबू धाबी में भारतीय कारोबारी एवं पेशेवर समूह के सदस्यों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रवासी भारतीयों से ओडिशा को एक प्रमुख निवेश केंद्र के रूप में बढ़ावा देने की अपील की. इसके साथ ही, राज्य के स्थानीय कौशल को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए प्रतिनिधिमंडल ने दुबई में ओडिशा के ‘एक जिला, एक उत्पाद’ (ओडीओपी) प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन किया. इसके माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों के अनूठे स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार के समक्ष प्रस्तुत किया गया. इन बैठकों और पहलों के जरिये पहले दिन ही ओडिशा ने वैश्विक निवेशकों के बीच अपनी एक मजबूत और भरोसेमंद पहचान दर्ज करायी है.
