Bhubaneswar News: ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोमवार को मयूरभंज जिले को विकास और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ी सौगात देते हुए 430 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बारीपदा स्थित पंडित रघुनाथ मुर्मू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के 650 बेड वाले अत्याधुनिक टीचिंग अस्पताल के नये भवन का उद्घाटन किया.
लोगों को उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल न केवल मयूरभंज, बल्कि पूरे उत्तर ओडिशा और पड़ोसी क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनेगा. लगभग 258 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, उन्नत निदान सेवाओं, विशेषज्ञ चिकित्सा विभागों, आपातकालीन सेवाओं और बेहतर शिक्षण अवसंरचना से सुसज्जित है. नयी स्वास्थ्य परियोजना से लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं घर के नजदीक उपलब्ध होंगी और उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह अस्पताल उत्तर ओडिशा का प्रमुख रेफरल सेंटर बनकर क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था को नयी दिशा देगा. राज्य सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष्मान भारत-गोपबंधु जन आरोग्य योजना के तहत राज्य के 1.30 करोड़ परिवारों के 3.46 करोड़ लोगों को देशभर के प्रतिष्ठित सरकारी एवं निजी अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है. पिछले 20 महीनों में जाजपुर, कंधमाल और तालचेर में तीन नये मेडिकल कॉलेज शुरू किये गये हैं तथा नवरंगपुर, ढेंकानाल, जगतसिंहपुर और भद्रक में भी मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है.चिकित्सा केवल पेशा नहीं, मानवता की सेवा का पवित्र दायित्व है : माझी
मेडिकल छात्रों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का पवित्र दायित्व है. उन्होंने छात्रों से समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब, आदिवासी, दलित और वंचित वर्गों की सेवा को अपना सर्वोच्च कर्तव्य मानने का आह्वान किया.
