Sambalpur News: संबलपुर को स्वच्छ व सुंदर शहर बनाने में सभी सहयोग दें : धर्मेंद्र प्रधान

Sambalpur News: संबलपुर महानगर निगम की ओर से आयोजित ‘स्वच्छ, सुंदर और हरभरा संबलपुर’ अभियान में केंद्रीय शिक्षा मंत्री शामिल हुए.

Sambalpur News: संबलपुर महानगर निगम के तत्वावधान में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत सोमवार को ‘स्वच्छ, सुंदर और हराभरा संबलपुर’ अभियान आयोजित हुआ. संबलपुर रेल मंडल कार्यालय से बड़ा बाजार तक एक रैली भी निकाली गयी. इसमें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पंचायतीराज मंत्री रवि नारायण नायक, आइजी हिमांशु लाल, डीएम सिद्धार्थ बलीराम बोंडार, एसपी मुकेश भामू, महानगर निगम आयुक्त रेहान खत्री, ट्रेनी आइएएस शुभ्रा पंडा, पूर्व विधायक नाउरी नायक व अन्य गणमान्य शामिल थे.

17 सितंबर से दो अक्तूबर तक मनेगा स्वच्छता पखवाड़ा

मुख्य अतिथि प्रधान ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा 17 सितंबर से दो अक्तूबर गांधी जयंती तक जारी रहेगा. इस बीच हम सब मिलकर शहर को स्वच्छ और सुंदर बना सकते हैं. इसके लिए हमें खुद जागरूक होने के साथ अन्य लोगों को भी जागरूक करना होगा. आनेवाले दिनों में विभिन्न जन अभियान कार्यक्रम चलाने की सलाह उन्होंने जिला प्रशासन को दिया. प्रधान ने संबलपुर को स्वच्छ शहर बनाने को लेकर उपस्थित जनों से आह्वान किया. इस अवसर पर श्रेष्ठ, स्वच्छ सुपरवाइजर के तौर पर विनीता साहू और श्रेष्ठ डीआइपी के तौर पर राजेश बेहरा को सम्मानित किया गया.

समृद्ध गांव और समृद्ध संबलपुर पर बैठक आयोजित

संबलपुर सांसद तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में जिला प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में ‘समृद्ध गांव, समृद्ध संबलपुर’ पर एक बैठक रविवार को हुई. इसमें ग्रामांचल के नागरिकों की मौलिक सुविधा को महत्व देने, प्रशासनिक सुधार, पेयजल, आजीविका को महत्व तथा आनुषंगिक ढांचागत विकास को लेकर मंथन किया गया. मनरेगा योजना में श्रमिकों को सशक्त बनाने, पीएम स्वनिधि योजना में छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाने, एसएसजी संगठन की मां-बहनों के आर्थिक विकास कार्यक्रमों को व्यवस्था करने के साथ ही आत्मनिर्भर बनाने पर विचार-विमर्श किया गया. केंद्रीय मंत्री प्रधान ने कहा हमारा मूल उद्देश्य नागरिकों को अधिक से अधिक सुविधाएं मुहैय्या कराना है. संबलपुर में विभिन्न संभावनाओं, संरचनाओं, उत्पादन एवं बाजार को देखकर संबलपुरी ब्रांड को आगे बढ़ाने का हमारा लक्ष्य होना चाहिए. बैठक में पंचायतीराज मंत्री रवि नारायण नायक, संबलपुर विधायक जयनारायण मिश्र, उत्तरांचल राजस्व आयुक्त सचिन रामचंद्र जाधव, आइजी हिमांशु लाल, संबलपुर डीएम सिद्धार्थ बलीराम बोंडार, एसपी मुकेश भामू, महानगर निगम आयुक्त रेहान खत्री, ट्रेनी आइएएस शुभ्रा पंडा, पूर्व विधायक नाउरी नायक व अन्य उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >