Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री ने 12 जिलों के लिए 25,000 करोड़ की 27 परियोजनाओं का किया शिलान्यास, 52,000 युवाओं को मिलेगा रोजगार

Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री मोहन माझी ने ओडिशा के 12 जिलों के लिए 5,000 करोड़ की 27 नयी उद्योग परियोजनाओं की आधारशिला रखी.

Bhubaneswar News: मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा के उद्योग विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में 12 जिलों में 27 सामुदायिक उद्योग परियोजनाओं की आधारशिला रखी. यह अवसर को ओडिशा के उद्योग इतिहास में एक नया सुनहरा अध्याय जोड़ने वाला बताया जा रहा है. इन 27 परियोजनाओं पर 25,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया जा रहा है और इससे 52,000 से अधिक युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की घोषणा मुख्यमंत्री मोहन माझी ने की.

ओडिशा सरकार की नीति और निष्ठा निवेशकों को कर रही है आकर्षित : मोहन माझी

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी ओडिशा में निवेश आता है, तब उद्योग जगत का राज्य में विश्वास बढ़ता है. उद्योग स्थापना के लिए ओडिशा सरकार की नीति और निष्ठा निवेशकों को आकर्षित कर रही है. मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य को पूर्वी भारत का मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों के निर्माण की दिशा में निवेशकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे ओडिशा का उत्पाद वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा कर सके. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने केवल 15 महीनों में 260 उद्योग परियोजनाओं को मंजूरी दी है, जिससे 5.6 लाख करोड़ रुपये के निवेश और 3.6 लाख रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं. इसी अवधि में 84 उद्योग परियोजनाओं की आधारशिला रखी गयी, जिससे दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश और 1,64,000 रोजगार उत्पन्न होंगे. मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि ओडिशा में उद्योग स्थापना के लिए उपयुक्त नीतियां और हर क्षेत्र में स्वतंत्र प्रोत्साहन प्रदान किया जा रहा है. सरकारी व्यवस्थाओं में बाधाएं दूर की गयी हैं. उद्योग की यात्रा में निवेशकों को सहयोग देने के लिए सरकार हमेशा उपस्थित रहेगी और किसी भी असुविधा की स्थिति में तुरंत समाधान किया जायेगा.

विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर ‘एक पेड़ मा की नाम 2.0’ अभियान के लिए उद्योगपतियों और औद्योगिक संस्थानों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की. उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण का कार्य एक-दूसरे के पूरक हैं. 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के 75वें जन्मदिन के अवसर पर ओडिशावासियों द्वारा 75 लाख पौधरोपण का अभियान चलाया जायेगा, जिसमें उद्योगों को भी सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया गया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नये उद्योगपतियों का अभिनंदन किया और गंजाम, खुर्दा, झारसुगुड़ा, कोरापुट एवं अनुगूल में उद्योग परियोजनाओं की आधारशिला रखी. उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वांई ने अपने संबोधन में कहा कि सुचारु प्रशासनिक व्यवस्था और उद्योग अनुकूल वातावरण ने ओडिशा को उद्योग समृद्ध राज्य के रूप में स्थापित किया है. कार्यक्रम में मुख्य सचिव मनोज आहूजा, विकास आयुक्त अनु गर्ग और प्रमुख उद्योगपति मंचासीन थे. उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत शर्मा ने स्वागत भाषण दिया और दक्षता विकास विभाग के सचिव भूपेंद्र सिंह पुनिया ने धन्यवाद ज्ञापित किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >