Jharsuguda News: आदि कर्मयोगी अभियान में झारसुगुड़ा के 78 आदिवासी बहुल गांवों का किया जायेगा विकास

Jharsuguda News: झारसुगुड़ा जिले में आदि कर्मयोगी अभियान के जरिये आदिवासी बहुल क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन के क्षेत्रों में सुधार लाया जायेगा.

Jharsuguda News: राज्य और केंद्र सरकार के संयुक्त सहयोग से इस वर्ष अगस्त से ओडिशा के 22 जिलों में ‘आदि कर्म योगी अभियान’ नामक एक जन आंदोलन चलाया जा रहा है और झारसुगुड़ा जिला भी इन्हीं जिलों में से एक है. आदि कर्म योगी अभियान के माध्यम से जिले के आदिवासियों के समग्र विकास के लिए एक मसौदा तैयार किया जायेगा और उसके अनुरूप योजना का क्रियान्वयन होगा. जिलाधीश कुणाल मोतीराम चव्हाण ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी.

धरती आबा जन ग्राम अभियान योजना का अंग है आदि कर्म योगी अभियान

जिलाधीश ने बताया कि जिले के पांच प्रखंडों की 41 ग्राम पंचायतों के 78 आदिवासी बहुल गांवों को इस योजना में शामिल किया गया है. धरती आबा जन ग्राम अभियान योजना का शुभारंभ दो अक्तूबर को भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय गौरव वर्ष के अवसर पर किया गया था. जिलाधिकारी ने कहा कि आदि कर्म योगी अभियान इसी योजना का एक अभिन्न अंग है. इस अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायती राज एवं पेयजल, ग्रामीण विकास, महिला एवं बाल विकास, वन एवं पर्यावरण तथा सबसे बढ़कर अनुसूचित जनजाति एवं जाति विकास विभाग के सहयोग से आदिवासी गांवों में प्रशासन की जमीनी स्तर तक पहुंच, सभी सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार, आवश्यक सेवाओं का प्रावधान और हर गांव में आदि मासाकी, आदि कर्म योगी और आदि मायम के नाम से 20 आदिवासी संवर्गों का निर्माण किया जायेगा. ये आदि मासाकी, आदि कर्म योगी और आदि मायम सरकार और आदिवासी समुदाय के बीच सेतु का काम करेंगी.

चिह्नित गांवों के लिए एक ग्राम कार्य योजना तैयार की जायेगी

जिलाधीश ने बताया कि योजना के अनुसार लक्ष्य प्राप्ति के लिए गांवों में एक सेवा केंद्र की पहचान की गयी है. आमतौर पर यह सेवा केंद्र स्थानीय स्कूल, सामुदायिक केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र या ग्राम पंचायत कार्यालय में काम करेगा. जिलापाल ने बताया कि आने वाले दिनों में विभिन्न चरणों में प्रशिक्षण के बाद इस अभियान में विभिन्न विभागों की योजनाओं को शामिल करते हुए चिह्नित गांवों के लिए एक ग्राम कार्य योजना तैयार की जायेगी. जिला कलेक्टर ने पत्रकारों के सवालों के जवाब में बताया कि इस अभियान का उद्देश्य आदिवासी बहुल इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन के विभिन्न क्षेत्रों में सुधार लाना है. मौके पर अतिरिक्त जिलाधीश (राजस्व) किशोर चंद्र स्वांई, समन्वित आदिवासी विकास एजेंसी के संजीव पटेल, जिला कल्याण अधिकारी विवेकानंद सामल आदि मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Bipin kumar yadav

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >