अनुगूल: राष्ट्रीय राजमार्ग-55 पर हंडपा थाना क्षेत्र के उरुकुला चौक के पास पुलिस ने बुधवार देर रात मवेशियों से भरा एक कंटेनर जब्त किया है. हंडपा थाना पुलिस ने पीछा कर कंटेनर को पकड़ा और गाड़ी के अंदर से 34 मवेशियों को बरामद किया. गो-तस्करी के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. हंडपा थाना में मामला दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है.
हंडपा थाना पुलिस ने पीछा कर वाहन को पकड़ा, जांच जारी
अनुगूल एसपी के अनुसार, रात करीब डेढ़ बजे गो-तस्करी की सूचना मिलने पर हंडपा थाना अधिकारी राजेश कुमार शतपथी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उरुकुला जंगल रोड और उरुकुला चौक पर वाहन चेकिंग शुरू की थी. रात में एक कंटेनर आते देख पुलिसकर्मियों ने रोकने का निर्देश दिया, लेकिन चालक नहीं माना और पुलिसकर्मियों की तरफ गाड़ी चढ़ाकर राजमार्ग पर तेज गति से भागने की कोशिश की. पुलिस टीम ने पीछा कर उरुकुला चौक के पास उसे रोका. जांच में गाड़ी के अंदर 34 मवेशी मिले. मवेशियों को दयनीय स्थिति में पैर और सींग बांधकर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने गाड़ी चालक उत्तर प्रदेश के आगरा निवासी असगर (47) के साथ खोड्डा के संतोष रणसिंह, दिवाकर महाडिब (24) और प्रताप मल्लिक (26), अनुगूल के दुखुआ बेहेरा (19), पश्चिम बंगाल (हावड़ा) के शेख अंसारी (26) और सलमान मुल्ला (27) को गिरफ्तार कर गुरुवार को कोर्ट में पेश किया. कंटेनर के साथ एक बाइक और आठ मोबाइल फोन भी जब्त किये गये हैं. बताया जा रहा है कि कंटेनर को एक स्कॉर्पियो एस्कॉर्ट कर रही थी, जो पुलिस को देखकर फरार हो गयी.
गुरुंडिया : बाघ के हमले गाय की हुई थी मौत, 37,500 रुपये मिला मुआवजा
बणई अनुमंडल के गुरुंडिया क्षेत्र में बाघ के हमले में गाय की मौत के मामले में वन विभाग ने पीड़ित व्यक्ति को मुआवजा दे दिया है. जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को ऑगस्टस डुंगडुंग की गाय बाघ के हमले में मारी गयी थी. इसके बाद उन्होंने सरकारी पोर्टल के माध्यम से मुआवजे के लिए आवेदन किया था. विभागीय जांच के बाद सरकारी नियमों के अनुसार, उन्हें बुधवार को 37,500 रुपये का मुआवजा दिया गया. मुआवजा राशि मिलने पर ऑगस्टस ने रेंजर प्रयाग प्रधान और वन अधिकारी प्रताप कुमार साहू को सहयोग के लिए धन्यवाद दिया.
