चित्रकूट-सतना इलाके में भारी बारिश के बाद बाढ़ के हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं. मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने से रामघाट और निर्मोही अखाड़ा क्षेत्र में पानी भर गया है. वहीं, सतना-मानिकपुर रेलवे ट्रैक पर भी बाढ़ का पानी पहुंचने से रेल यातायात प्रभावित हुआ है. चितहरा रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पानी में डूबा नजर आया, जिसके बाद ट्रेनों को बेहद धीमी गति से चलाया गया.
पानी के बीच धीमी हुई ट्रेन
इस दौरान सामने आए वीडियो में रेलवे कर्मचारी ट्रेन के आगे पैदल चलते दिखाई दे रहे हैं. कर्मचारी पानी में डूबे ट्रैक की स्थिति की निगरानी करते हुए ट्रेन को आगे बढ़ने का रास्ता दिखा रहे हैं. वहीं, पीछे से ट्रेन बेहद धीमी रफ्तार से पानी के बीच आगे बढ़ती नजर आ रही है.
भारी बारिश के कारण मुंबई-हावड़ा रेल मार्ग के सतना-मानिकपुर सेक्शन पर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ. अलग-अलग स्टेशनों पर ट्रेनें रोकी गईं और ट्रैक की स्थिति को देखते हुए बाद में सावधानी के साथ परिचालन शुरू किया गया.
ये भी पढ़ें: धनबाद में 16 KM तक गाड़ियों का सैलाब, 9 घंटे से GT रोड जाम; रातभर फंसे रहे हजारों यात्री
रामघाट और निर्मोही अखाड़ा क्षेत्र में बाढ़
मंदाकिनी नदी के बढ़े जलस्तर से रामघाट और निर्मोही अखाड़ा क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में चित्रकूट पुलिस ने बाढ़ प्रभावित इलाकों की ड्रोन कैमरे से निगरानी की है. प्रशासन की ओर से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने और बाढ़ प्रभावित इलाकों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी जा रही है.
ये भी पढ़ें: Heavy Rain Alert: छत्तीसगढ़ में अगले 6 दिन कैसा रहेगा मौसम? अधिकांश इलाकों में बारिश का अलर्ट
चित्रकूट में मंदाकिनी का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया. बाढ़ के कारण रामघाट समेत कई इलाकों में पानी भर गया और संपर्क मार्ग भी प्रभावित हुए हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, राहत एवं बचाव कार्य के लिए नावों के साथ हेलीकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है.
