रांची के रॉक गार्डन के पास युवक का अपहरण, नाकेबंदी के बाद दो घंटे में पांच आरोपी गिरफ्तार

रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े युवक का अपहरण कर लिया गया. घटना के बाद पुलिस ने तुरंत नाकेबंदी की और कुछ ही घंटों में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर युवक को छुड़ा लिया. यह अपहरण नौकरी लगवाने के नाम पर हुए पैसों के विवाद के चलते हुआ.

रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट

रांची. रांची के गोंदा थाना क्षेत्र के कांके रोड में रॉक गार्डन के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक का अपहरण कर लिया गया. घटना दोपहर करीब 1.30 से 1.45 बजे के बीच की है. अपहृत युवक की पहचान कांके रोड पीपी पथ निवासी मोहित कुमार सिन्हा के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही गोंदा थाना पुलिस ने नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया और करीब दो घंटे के भीतर रिंग रोड से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल अर्टिगा कार भी जब्त की है.

बाइक रोककर युवक को जबरन कार में बैठाया

बताया गया कि मोहित अपने दोस्त अमन कुमार वर्मा के साथ लालपुर से बाइक से घर लौट रहा था. रॉक गार्डन के पास तीन युवकों ने उनकी बाइक रुकवा ली. इसके बाद तीनों ने मोहित को बाइक से उतारकर अपने साथ ले जाने लगे.

अमन ने इसका विरोध करते हुए मोहित को साथ ले जाने का कारण पूछा. इस पर युवकों ने बकाया पैसे के लेन-देन की बात कही. अमन ने विवाद का समाधान घर या थाने में करने की बात कही, लेकिन युवक नहीं माने. इसके बाद मोहित को कुछ दूर ले जाया गया, जहां पहले से एक सफेद रंग की कार खड़ी थी. कार में दो अन्य युवक मौजूद थे. पांचों ने मिलकर मोहित को जबरन कार में बैठाया और वहां से फरार हो गये.

अमन ने कार का पीछा करने की कोशिश की और उसके नंबर के आखिरी चार अंक नोट कर लिये. इसके बाद वह गोंदा थाना पहुंचा और घटना की लिखित शिकायत की. शिकायत में उसने पैसे के विवाद को लेकर मोहित की जान को खतरा होने की बात कही.

नाकेबंदी कर कार की तलाश

घटना की सूचना मिलने के बाद गोंदा थाना पुलिस ने शहर से बाहर निकलने वाले रास्तों पर नाकेबंदी कर दी. सफेद कार की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. पुलिस ने रिंग रोड से कार को रोककर पांच आरोपियों को पकड़ा और मोहित को सकुशल बरामद कर लिया.

सीसीएल में डाटा एंट्री ऑपरेटर है मोहित

पुलिस के अनुसार, मोहित सीसीएल में डाटा एंट्री ऑपरेटर के रूप में काम करता है. प्रारंभिक पूछताछ में सीसीएल में कॉन्ट्रैक्ट पर नौकरी लगवाने के नाम पर पैसे के लेन-देन की बात सामने आयी है. पुलिस के अनुसार, कुल 1.20 लाख रुपये लिये जाने की बात सामने आयी है, जिसमें करीब 20 हजार रुपये लौटाये गये थे. शेष रकम को लेकर विवाद के बाद अपहरण की घटना को अंजाम देने की बात सामने आयी है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By वैभव विक्रम

वैभव विक्रम प्रभात खबर डिजिटल में डिजिटल पत्रकार हैं. पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और झारखंड से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों, खेल, शिक्षा, लाइफस्टाइल और धर्म से जुड़े विषयों पर काम कर रहे हैं. वर्तमान में वे प्रभात खबर के झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के लिए जिलों की खबरें कवर कर रहे हैं.

इससे पहले वर्ष 2023-24 में उन्होंने प्रभात खबर के खेल डेस्क के लिए खबरें लिखीं. वर्ष 2024-26 के दौरान वे न्यूज11 भारत के साथ झारखंड की खबरों पर काम कर चुके हैं. स्थानीय घटनाक्रम और जमीनी मुद्दों को सरल, स्पष्ट और प्रभावी तरीके से डिजिटल पाठकों तक पहुंचाना उनकी पत्रकारिता का प्रमुख हिस्सा रहा है.

झारखंड के समाचार, खेल, शिक्षा, लाइफस्टाइल और धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों में उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता में खबरों को पाठकों के लिए उपयोगी, रोचक और सहज बनाने के साथ इन विषयों पर अपने विचार और विश्लेषण प्रस्तुत करना भी पसंद करते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >