डायन-बिसाही के आरोप में झाड़फूंक, इलाज के दौरान महिला की मौत, दो परिवारों में तनाव

डायन

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चंद्री पंचायत के पनसुवां गांव में एक महिला की मौत के बाद दो परिवारों के बीच विवाद गहरा गया है. मृतका की पहचान 24 वर्षीय कारिश्मा राय के रूप में हुई है. घटना को लेकर परिजनों ने डायन-बिसाही के आरोप में झाड़फूंक किए जाने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने आरोपों से इनकार किया है. जानकारी के अनुसार कारिश्मा राय ने करीब तीन वर्ष पूर्व पनसुवां गांव निवासी देवानंद प्रधान से प्रेम विवाह किया था. विवाह के बाद दोनों बेंगलुरु में मजदूरी कर जीवनयापन कर रहे थे. दंपति की एक तीन माह की बच्ची भी है. मृतका के चाचा कमल राय ने बताया कि कारिश्मा की तबीयत खराब होने पर उसे झाड़फूंक के नाम पर उपचार कराया गया. बाद में उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. परिजनों का आरोप है कि अंधविश्वास और झाड़फूंक के कारण समय पर उचित चिकित्सा नहीं मिलने से कारिश्मा की जान चली गई. वहीं, देवानंद प्रधान के पिता निर्मल प्रधान ने मामले को लेकर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि परिवार ने कारिश्मा के इलाज में कोई लापरवाही नहीं बरती और उपलब्ध संसाधनों के अनुसार उसका उपचार कराया गया. उन्होंने लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है. घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव का माहौल है. गांव में मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है. मामले की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. गांव में शांति बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ravi mohanty

Published by: Sameer Oraon

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >