प्रताप मिश्रा की रिपोर्ट
West Singhbhum News: उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम एवं अधीक्षक उत्पाद, पश्चिमी सिंहभूम के निर्देश पर उत्पाद विभाग द्वारा जिला में 16 मई से 20 मई तक अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया गया. इस दौरान गुवा, मंझारी, चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्र में कुल 09 प्राथमिकी दर्ज करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. पांच फरार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया है.
विदेशी शराब और बीयर बरामद
जानकारी देते हुए उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया की गुवा थाना के रेलवे कॉलोनी, बड़ा जामदा और कल्याण नगर से अवैध बिक्री के आरोप में दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गई और घटनास्थल से 3 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर की बरामदगी की गई. मंझारी थानांतर्गत ग्राम मिरुडीह में 9 (नौ) लीटर अवैध विदेशी शराब की बरामदगी की गई और बेचने वाले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया. बताया कि चक्रधरपुर थाना के दण्डासाईं और बाराकुली से अवैध शराब बिक्री के आरोप में दो लोगों की गिरफ्तारी की गई और अभियुक्तों के कब्जे से 6.5 लीटर बीयर और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब की बरामद किया गया.
चार अवैध भट्ठियां ध्वस्त
बताया कि बुधवार को झींकपानी थाना के गुड़ा ग्राम में संचालित अवैध चुलाई शराब की 4 भट्ठियों को ध्वस्त करते हुए कुल 80 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद किया गया. शराब बनाने के लिए जावा महुआ करीब 1500 किलोग्राम घटनास्थल पर नष्ट कर दिया गया. चारों भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज किया गया है. निरीक्षक ने कहा कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: पलामू में चोरी: हरिहरगंज में इंडेन गैस गोदाम से 275 भरे सिलेंडर पार, ट्रक लेकर आए थे शातिर चोर
यह भी पढ़ें: गढ़वा के एसडीएम साहब ने जब कॉफी संग घोली मिठास, तो चौकीदारों का छलका 30 साल पुराना दर्द
