प्रतिनिधि, चक्रधरपुर: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार झारखंड सहित पश्चिमी सिंहभूम जिले में चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान को प्रभावी और त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में 14 जुलाई को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ-बीएलए-2 की द्वितीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला की द्वितीय बैठक का संयुक्त आयोजन किया जाएगा.
बैठक सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक सभी मतदान केंद्रों पर एक साथ आयोजित होगी. जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाना है, ताकि आगामी चुनाव निष्पक्ष एवं विश्वसनीय तरीके से संपन्न हो सके.
बैठक के दौरान मतदाता सूची के विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की जाएगी. साथ ही स्थानीय स्तर पर प्राप्त सुझावों और तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. विशेष रूप से प्रारूप एएसडीडी (ASDD) सूची पर चर्चा होगी. इसके माध्यम से ऐसे मतदाताओं की पहचान की जाएगी, जिनके नाम एक से अधिक स्थानों पर दर्ज हैं या जो स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो चुके हैं.
इसके अलावा अनमैप्ड मतदाताओं के मामलों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता को उसके वास्तविक मतदान केंद्र से जोड़ा जा सके और मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे.
जिला निर्वाचन कार्यालय ने आम मतदाताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पूर्व पोलिंग एजेंटों तथा विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) से बैठक में सक्रिय भागीदारी की अपील की है. प्रशासन का मानना है कि स्थानीय लोगों की सहभागिता से मतदाता सूची अधिक सटीक और विश्वसनीय बनेगी, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया और मजबूत होगी.
निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि बैठक एवं विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया में केवल भारतीय नागरिकों की ही भागीदारी अनुमन्य होगी. किसी भी गैर-भारतीय नागरिक को इस प्रक्रिया में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी. यह व्यवस्था निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, सुरक्षा और वैधानिक शुचिता बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है.
उपायुक्त मनीष कुमार की अपील
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने जिलेवासियों से लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि, "झारखंड विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत 14 जुलाई को आयोजित होने वाली यह द्वितीय बैठक जिले की मतदाता सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी सम्मानित नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मेरा आग्रह है कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर आयोजित बैठक में अवश्य भाग लें. हमारा संकल्प है— 'कोई भी पात्र भारतीय नागरिक छूटे नहीं और कोई अपात्र व्यक्ति जुड़े नहीं.' आप सभी का सहयोग इस राष्ट्रीय दायित्व को सफल बनाने के लिए अत्यंत आवश्यक है."
जिला प्रशासन ने विश्वास जताया है कि जनसहभागिता, पारदर्शिता और प्रशासनिक समन्वय के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाते हुए पश्चिमी सिंहभूम की मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन, शुद्ध और विश्वसनीय बनाया जाएगा, जिससे लोकतंत्र की जड़ें और अधिक मजबूत होंगी.
