प्रतिनिधि, चक्रधरपुर. चक्रधरपुर शहर में पुलिस का नाम लेकर ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शातिर ठगों ने एक रिटायर्ड रेलकर्मी को अपने झांसे में लेकर करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण हड़प लिए. पीड़ित रेलकर्मी प्रसाद जी (निवासी रिटायर्ड कॉलोनी) ने बताया कि वे किसी निजी काम से बाजार गए थे. इसी दौरान कुसुमकुंज मोड़ के समीप एक बाइक सवार युवक उनके पास आया. उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कहा कि शहर में छिनतई और चोरी की घटनाएं काफी बढ़ गयी हैं. इसलिए सोने के आभूषण पहनकर घूमना सुरक्षित नहीं है. उसने अनहोनी का डर दिखाते हुए आभूषणों को सुरक्षित रखने की सलाह दी.
कागज में लपेटकर जेब में रखा, घर आकर देखा तो उड़े होश
युवक की बातों में आकर प्रसाद जी ने अपने गले की सोने की चेन और अंगूठी उतार दी. ठग ने बड़ी चालाकी से उन आभूषणों को खाकी रंग के कागज में लपेटकर एक रुमाल में बांधने का नाटक किया और उन्हें दे दिया. प्रसाद जी ने उस रुमाल को सुरक्षित अपनी जेब में रख लिया और घर लौट आए. लेकिन जैसे ही उन्होंने घर पहुंचकर रुमाल खोला, उनके होश उड़ गए. रुमाल के भीतर सोने के गहनों की जगह पत्थर के टुकड़े बंधे हुए थे. पीड़ित के अनुसार, ठगे गए सोने के आभूषणों की बाजार में कीमत लगभग पांच लाख रुपये है. घटना को लेकर चक्रधरपुर थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बाइक सवार अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.
