नोवामुंडी से सुबोध मिश्रा की रिपोर्ट
Noamundi News: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी क्षेत्र में डीजल की किल्लत लगातार बनी हुई है. नोवामुंडी संधू (HP) पेट्रोल पंप में पेट्रोल तो मिल रहा है, लेकिन डीजल का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है. पंप परिसर में “डीजल उपलब्ध नहीं” का बोर्ड भी लगाया गया है. इसके साथ ही पंप में ऑनलाइन पेमेंट बंद कर केवल कैश पेमेंट लिया जा रहा है. “ऑनलाइन पेमेंट नहीं, केवल कैश” का बोर्ड लगाए जाने से कई वाहन चालक परेशान नजर आए.
स्टेशन रोड पंप पर डीजल किल्लत
नोवामुंडी बाजार स्थित स्टेशन रोड भारत पेट्रोल पंप में भी पेट्रोल की बिक्री जारी है, लेकिन डीजल उपलब्ध नहीं है. पंप मैनेजर ने बताया कि केवल आवश्यक सेवाओं के वाहनों को सीमित मात्रा में डीजल दिया जा रहा है. दूसरी ओर नोवामुंडी बस्ती स्थित भारत पेट्रोल पंप और हिंदुस्तान पेट्रोल पंप में पेट्रोल और डीजल दोनों उपलब्ध हैं. हालांकि पेट्रोल की कीमत में ₹3.06 प्रति लीटर और डीजल की कीमत में ₹3.13 प्रति लीटर की बढ़ोतरी से कई लोग नाराज भी दिखें.
बस्ती पंपों पर सामान्य आपूर्ति
कुछ लोगों का कहना है कि दाम बढ़े तो क्या हुआ, कम से कम पेट्रोल-डीजल मिल तो रहा है. लोगों ने बताया कि संकट के समय ब्लैक मार्केट में पेट्रोल-डीजल के लिए प्रति लीटर ₹30 तक ज्यादा कीमत देनी पड़ती थी, लेकिन अब स्थिति पहले से बेहतर है.
पेट्रोल मिलने से राहत, डीजल की कमी से बढ़ी परेशानी
नोवामुंडी के तीनों पेट्रोल पंपों में पेट्रोल मिलने से दोपहिया वाहन चालकों की परेशानी काफी हद तक कम हो गई है. कल की तुलना में आज पेट्रोल पंपों पर भीड़ भी कम दिखाई दी. वहीं डीजल की कमी से ट्रक, बस और मालवाहक वाहन चालकों की मुश्किलें अब भी बरकरार हैं.
यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां: कुचाई में करियर काउंसलिंग सह सम्मान कार्यक्रम आयोजित, मैट्रिक और इंटर के टॉपर हुए सम्मानित
यह भी पढ़ें: सरायकेला-खरसावां: कुकड़ू में जंगली हाथी का कहर, घर तोड़ा, इलाके में दहशत
