बंगलाटांड मसजिद में रखा जायेगा ताबूत
चक्रधरपुर : मुसलिम पंचायत बंगलाटांड में चक्रधरपुर का पहले एसी ताबूत आ गया है. इस ताबूत के आने से चक्रधरपुर के किसी भी गांव मुहल्ले में मृत होनेवाले लोगों के शवों को अब कई दिनों तक सुरक्षित रखा जा सकेगा.
मुसलिम पंचायत के अध्यक्ष सलीम अखतर, सचिव कमाल अखतर व सलाहकार मो यासीन ने जानकारी देते हुए बताया कि चक्रधरपुर के किसी भी मुसलिम मुहल्ले में यह ताबूत नहीं था. किसी शव को यदि एक दो दिन रखने के जरूरत होती थी तो नहीं रखा जा पाता था. मजबूरी में परिजन के आने से पहले ही शवों को दफन कर दिया जाता था.
लेकिन अब यह परेशानी खत्म हो गयी है. चक्रधरपुर के किसी भी मुहल्ले या गांव में एसी ताबूत की आवश्यकता होगी तो उन्हें मुस्लिम पंचायत की ओर से उपलब्ध कराया जायेगा. उन्होंने बताया कि इस एसी युक्त ताबूत को बंगलाटांड वासियों के सहयोग से नागपुर से मंगाया गया है. इसमें कुल 74 हजार रुपये की लागत आयी है. इसे बंगलाटांड मदीना मसजिद में रखा गया है, आवश्यकता पड़ने पर कोई भी इसे उपयोग के लिए ले जा सकता है.
