गुणवत्तापूर्ण निर्माण नहीं करने वालों पर होगी कार्रवाई
कादाजामदा, महुदी, कोटगढ़ व बड़ाजामदा के शौचालयों की हुई जांच
नोवामुंडी : डीसी के निर्देश पर बीडीओ की बनायी टीम ने मंगलवार को नोवामुंडी में शौचालय निर्माण की जांच की. 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के नोवामुंडी प्रखंड अध्यक्ष के नेतृत्व में टीम ने कादाजामदा, महुदी, कोटगढ़ व बड़ाजामदा पंचायतों में शौचालयों की जांच की.
इस दौरान शौचालय निर्माण में भारी गड़बड़ी मिली. टीम ने देखा कि कई शौचालय में लकड़ी पर शॉकपीट के ढक्कन से ढलाई की गयी है. कहीं–कहीं सीमेंट से जोड़ने की बजाय केवल ईंट बिछाकर ढक्कन लगा दिया गया.
शौचालय का गड्ढा भी मानक के अनुसार नहीं किया गया. इस तरह गरीबों के लिए बने शौचालय भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गये है.
मुखिया, जल सहिया व महिला समिति की भूमिका संदेहास्पद: टीम ने अनियमितता के लिए प्रखंड समन्वयक काशीनाथ सोनकर, संबंधित पंचायतों के मुखिया, जल सहिया व एसएसजी महिला
समिति की भूमिका को संदेहास्पद माना है. गरीबों के शौचालय निर्माण में कमीशनखोरी की गयी है.
गड़बड़ी करने वालों को दोबारा करना होगा निर्माण: बीस सूत्री अध्यक्ष बाबूलाल माझी ने बताया कि डीसी के निर्देशानुसार टीम ने जांच की है. शौचालय में गड़बड़ी करने वालों को दोबारा मानक के अनुसार काम करना पड़ेगा.
ऐसा नहीं करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी. जांच टीम में कनीय अभियंता मनोज पासवान, बीपीओ किशोर सिंकू, बीएओ किशोर सिंकू, कमल क्लब के अध्यक्ष मांगीलाल केराई समेत आदि शामिल थे.
