फाइनेंस कमेटी की बैठक में लिया गया फैसला
चाईबासा : कोल्हान विवि का रिजर्व कोष आठ करोड़ होगा. विवि ने पहली बार शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिये रिजर्व कोष की स्थापना की है. गुरुवार को फाइनेंस कमेटी की बैठक में उक्त कोष के लिये आठ करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी दी गयी. बैठक में कोल्हान विवि के मुख्यालय में कार्यरत संविदा आधारित कर्मचारियों के वेतन मद में 20 फीसद की बढ़ोत्तरी करने का निर्णय लेते हुये इसे मंजूरी प्रदान की गयी.
इसके अलावा कोल्हान विवि के अलग-अलग विभाग में प्रतिनियोजित व विभिन्न अंगीभूत कॉलेजों से आने वाले तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के प्रतिनियोजन भत्ते में भी बढ़ोत्तरी की गयी है. तृतीय श्रेणी कर्मचारियों का भत्ता 2000 से बढ़ाकर 2500 रुपये तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का भत्ता 1800 से बढ़ाकर 2250 रुपये कर दिया गया है.
300 किमी के आधार पर टीए-डीए का भुगतान
कोल्हान विवि अब 300 किलोमीटर की दूरी के आधार पर ही टीए-डीए का भुगतान करेगी. गुरुवार को हुई फाइनेंस कमेटी की बैठक में टीए-डीए पर हुई चर्चा के दौरान यह निर्णय लिया गया. बैठक के दौरान विवि के कुलपति डॉ आरपीपी सिंह, वित्त अधिकारी सुधांशु कुमार आदि उपस्थित थे.
