चक्रधरपुर : एनएच 75 के बांझीकुसूम मोड़ के पास हुई दुर्घटना
चक्रधरपुर : रांची-चाईबासा एनएच 75 (ई) के बांझीकुसूम मोड़ के पास कार व बाइक के बीच हुई टक्कर हाे गयी, जिसमें दो बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना गुरुवार सुबह की है. कराईकेला के गोपालपुर गांव निवासी फुकनु प्रधान व वरुण प्रधान बाइक से पदमपुर स्थित जानवर बाजार से बैल खरीदने चक्रधरपुर आये थे. हाट से लौटने के दौरान बांझीकुसूम मोड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार से आ रही टाटा इंडिगो (जेएच-01सीबी 6599) ने बाइक को सीधे टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार फुकनु प्रधान व वरुण प्रधान सड़क के किनारे दूर जा गिरे.
दोनों का दायां पैर टूट गया, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आयी है. घटना बाद चालक घटना स्थल पर कार छोड़ कर फरार हो गया. टक्कर इतनी जोर थी कि कार व बाइक दोनों के परखच्चे उड़ गये. मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायल युवकों को अनुमंडल अस्पताल में भरती कराया. जहां से जमशेदपुर रेफर कर दिया गया. सूचना पर घटना स्थल पहुंची पुलिस ने कार के मालिक की तलाश में जुट गयी. पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है.
