सांसद के सामने ही भिड़े विधायक व जिप सदस्य

चक्रधरपुर. शिलापट्ट से पर्दा हटते ही भूमिका मुंडा ने किया हंगामा चक्रधरपुर : प्रखंड के हतनातोड़ांग में सड़क शिलान्यास के दौरान शिलापट्ट में नाम अंकित नहीं होने पर जिला परिषद सदस्य भूमिका मुंडा ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान विधायक शशिभूषण सामड से उनकी नोकझोंक हो गयी और बात इतनी बढ़ी कि भूमिका ने विधायक […]

चक्रधरपुर. शिलापट्ट से पर्दा हटते ही भूमिका मुंडा ने किया हंगामा

चक्रधरपुर : प्रखंड के हतनातोड़ांग में सड़क शिलान्यास के दौरान शिलापट्ट में नाम अंकित नहीं होने पर जिला परिषद सदस्य भूमिका मुंडा ने जमकर हंगामा किया. इस दौरान विधायक शशिभूषण सामड से उनकी नोकझोंक हो गयी और बात इतनी बढ़ी कि भूमिका ने विधायक को थप्पड़ मारने की धमकी तक दे डाली. मौके पर मौजूद सांसद सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया. मौके पर आरइओ के जेइ हरिनंदन रजक, सांसद प्रतिनिधि गणेश तांती, प्रखंड अध्यक्ष श्रीवंत षाड़ंगी, पंडित महतो, मुखिया मिलन कुमार आदि मौजूद थे.
वर्ष 2016-17 में राज्य संपोषित योजना के अंतर्गत स्वीकृत 2.26 करोड़ की लागत से हतनातोड़ांग से महालीसाई होते हुए अरुवा चौक तक साढ़े तीन किमी सड़क का शिलान्यास बुधवार को किया जाना था. इसे लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद लक्ष्मण गिलुवा, विधायक शशि सामड व जिला परिषद सदस्य भूमिका मुंडा हतनातोड़ांग पहुंचे. इस दौरान जैसे ही शिलापट्ट का अनावरण हुआ, उस पर जिप सदस्य श्रीमती मुंडा ने अपना नाम नहीं पाया. इसके बाद श्रीमती मुंडा ने विधायक शशि भूषण सामड पर नाम कटवाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. श्रीमती मुंडा ने कहा कि षड़यंत्र के तहत विधायक ने ही शिलापट्ट से उनका नाम हटाया है,
अन्य प्रखंडों में जिप सदस्य का नाम शिलापट्ट में है. विधायक ने श्रीमती मुंडा को समझाया कि सरकारी चिट्ठी के मुताबिक शिलापट्ट में नाम लिखा जाता है, उन्होंने विभाग व ठेकेदार को नाम हटाने के लिए नहीं कहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीखी नोकझोंक के बीच श्रीमती मुंडा ने गुस्से में विधायक को कह दिया,‘ थप्पड़ से मारेंगे.’ विधायक सामड ने भी इस बात की पुष्टि की है. दूसरी तरफ श्रीमती मुंडा ने एसपी से लिखित शिकायत कर विधायक पर ही दुर्व्यवहार व गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है.
किसने क्या कहा
विधायक ने पहले गाली-गलौज की. मैं शिलापट्ट में अपना नाम नहीं होने पर विभागीय अधिकारी से पूछताछ कर रही थी, इस पर विधायक शशिभूषण सामड मेरे साथ गाली-गलौज करने लगे और दुर्व्यवहार किया. मैं बहुत डरी हुई हूं.
भूमिका मुंडा, जिला पंचायत सदस्य
जिप सदस्य ने थप्पड़ मारने की धमकी दी. जिप सदस्य भूमिका मुंडा ने झूठी लोकप्रियता के लिए इस तरह की हरकत की. मैंने नहीं, उन्होंने ही मेरे साथ दुर्व्यवहार किया और थप्पड़ मारने की धमकी दी. वह सच्चाई जानने के बजाय मामले को तूल देकर चर्चा में रहना चाहती हैं. शशि भूषण सामड, विधायक
डीसी व राज्य सरकार से करेंगे बात. हतनातोड़ांग में शिलान्यास के दौरान विधायक व जिप सदस्य के बीच हुई नोकझोंक के मामले पर जल्द ही उपायुक्त व राज्य सरकार से बात करेंगे. लक्ष्मण गिलुवा, सांसद
सरकारी आदेश में विधायक व सांसद का नाम लिखना है. राज्य संपोषित योजना में सरकारी चिट्ठी के मुताबिक विधायक द्वारा अनुशंसा किये गये योजना में सांसद की उपस्थिति में विधायक शिलान्यास करेंगे, जबकि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में विधायक की उपस्थिति में सांसद शिलान्यास करेंगे. सरकारी आदेश के तहत शिलापट्ट में नाम लिखा गया है.
रामेश्वर साह, कार्यपालक पदाधिकारी, ग्रामीण कार्य विभाग, चक्रधरपुर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >