चक्रधरपुर. साउथ ईस्टर्न रेलवे ट्रैकमैन वेलफेयर एसोसिएशन ने रेलमंडल कार्यालय पर दिया धरना,कहा
सीकेपी रेलमंडल को छोड़ सभी जोन में ट्रैकमैनों को दी जा रही है प्रोन्नति
चक्रधरपुर : साउथ ईस्टन रेलवे ट्रैकमैन वेलफेयर एसोसिएशन ने मंगलवार को चक्रधरपुर रेलमंडल कार्यालय के समीप धरना-प्रदर्शन किया. सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक ट्रैकमैन एसोसिएशन के कार्यकर्ताओं ने अपनी आवाज बुलंद की. इस दौरान ट्रैकमैन एसोसिएशन के दपू रेलवे के महामंत्री चांद मोहम्मद व मंडल सचिव मनोज चौधरी ने कहा कि चक्रधरपुर रेल मंडल में ट्रैकमैन कर्मचारियों की संख्या हजारों में है, जो अन्य किसी कैडर की तुलना में सर्वाधिक है और रेल की प्रगति में अहम योगदान निभा रहे हैं.
इसके मद्देनजर रेल मंत्रालय व भारत सरकार ने ट्रैकमैनों के विकास और जीवनशैली में सुधार लाने का प्रयास कर रही है. रेल मंत्रालय ने ट्रैकमैनों को दूसरे विभाग जाने और प्रोमोशन व पदोन्नति प्राप्त करने के लिये सभी जोन को आदेश दिया है. जो पूरे भारतीय रेल के सभी जोन में लागू हो चुका है, परंतु दपू रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल में यह नियम लागू नहीं हो रहा है.
रेल मंत्रालय के नियमों का अवहेलना से ट्रैकमैन प्रोमोशन से वंचित हो रहे हैं. अन्य जोन के मंडलों की तरह चक्रधरपुर रेल मंडल के ट्रेकमैनों को प्रोमोशन मिले, ताकि ट्रैकमैनों की जीवनशैली में सुधार हो सके. उन्होंने कहा कि सूदूरवर्ती क्षेत्र में ट्रैकमैन कई समस्या से जूझ रहे हैं. कठिन एवं जोखिमपूर्ण कार्य को देखते हुए ट्रैकमेंटेनर्स के ड्यूटी आवर, लंच टाइम सहित आठ घंटें करने की मांग की गयी.
मौके पर महेश कुमार वर्मा, अतुल कुमार वर्मा, पंकज कुमार यादव, पंकज कुमार महतो, रंजीत कुमार, अभिमन्यू सिंह, साजिद आलम, अली अख्तर, जमील अहमद, मो कमुल व सैकड़ों ट्रैकमैन एसोसिएशन के कार्यकर्त्ता मौजूद थे.
सभी विभागीय एलडीसी /जीडीसीई (क्लर्क) में प्रोमोशन के लिये योग्यताधारी ट्रैक मेंटेनर्स को परीक्षा में सम्मिलित करने, ट्रैकमैन व गेटमैन का ड्यूटी रोस्टर 12 घंटें के बजाय 8 घंटें करने और गेटमैन की सुरक्षा के लिये सभी लेवल क्रॉसिंग पर आरपीएफकर्मी तैनात करने, नयी पेंशन स्कीम को तुरंत खत्म करके पुरानी पेंशन स्कीम को अविलंब लागू करने, ट्रैकमेंटेनर के साथ सुपरवाइजरों (जेई, एसई व एसएसई) का सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने,
कठिन एवं जोखिमपूर्ण कार्य को देखते हुए ट्रैक मेंटेनर्स की ड्यूटी आवर, लंच टाइम सहित आठ घंटें करने, सभी पीडब्ल्युआइ ईकाइयों के (ट्रैकमेंटेनर व क्लर्क)सभी रिक्त पदों को भरने, सभी पीडब्ल्युआइ सेक्शन में ट्रैकमैनों के लिये आवास एवं शुद्ध जल की व्यवस्था करने, दूसरे विभागों के पदों को ट्रैकमैनों से भरने, सभी भत्तों को तत्काल भुगतान करने, सेक्शन के महिला ट्रैकमैनों के लिये अलग से शौचालय व्यवस्था करने व दपू रेलपथ ट्रैकमैन एसोसिएशन चक्रधरपुर मंडल को एक ऑफिस रूम आवंटित करने आदि मांगें शामिल है.
