कार्य में लापरवाही, अफसरों की बात नहीं मानने के आरोप में हुई कार्रवाई
अनुशासनहीनता के आरोप में बंदगांव बीडीओ ने प्रपत्र क गठित किया
चाईबासा : बंदगांव प्रखंड के तीन पंचायत सेवक और एक जन सेवक के खिलाफ बीडीओ ने प्रपत्र क गठित किया है. कार्य में लापरवाही, अधिकारियों की बात नहीं सुनने, फील्ड में जाकर कार्य नहीं करने और हमेशा ड्यूटी से गायब रहने के आरोप में कार्रवाई हुई है. टेबो के पंचायत सेवक रेंगो सामड, मेरांगगुटू के पंचायत सेवक घनश्याम राम खलको, चम्पावा पंचायत सेवक प्रकाश कुमार प्रधान तथा जन सेवक टीकाराम के खिलाफ आरोप तय किया गया है. बीडीओ द्वारा प्रपत्र क गठन के बाद जिला प्रशासन की ओर से चारों पर निलंबन की कार्रवाई होगी. उल्लेखनीय है कि कार्य में तेजी नहीं लाने,
लापरवाही बरतने और अफसरों की बात नहीं मानने के आरोप में उपायुक्त डॉ शांतनु कुमार अग्रहरि ने पूर्व में बंदगांव बीडीओ बुढ़ाय सारू से पद छीन लिया. कार्य में तेजी नहीं लाने के आरोप में डीसी ने गुदड़ी बीडीओ संजय कुमार सिन्हा को पद से हटा दिया. गुदड़ी व बंदगांव में विकास की रफ्तार अन्य प्रखंडों की अपेक्षा कम है. इन प्रखंडों में विकास कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर डीसी ने कार्रवाई का आदेश दिया है.
