सीएनटी-एसपीटी में संशोधन के मुद्दे पर बोले बड़कुंवर गागराई
सीकेपी भाजपा प्रखंड कार्यसमिति की बैठक
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर भाजपा प्रखंड कार्यसमिति की बैठक सिलफोड़ी पंचायत के बुढ़ीगोड़ा मैदान में प्रखंड अध्यक्ष श्रीवंत षाड़ंगी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें प्रभारी के रूप में पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई, प्रदेश सदस्य अशोक षाड़ंगी, जिप सदस्य रतन लाल बोदरा एवं सांसद प्रतिनिधि गणेश तांती मौजूद थे. बैठक की शुरुआत श्यामा प्रसाद मुखर्जी व दीन दयाल उपाध्याय की तसवीर पर माल्यार्पण कर की गयी. मौके पर श्री गागराई ने कहा कि सीएनटी व एसपीटी एक्ट में संशोधन से विकास कार्य में बाधा उत्पन्न नहीं होगी.
झामुमो व कांग्रेस पार्टी के पास कोई मुद्दा नहीं है. इसलिए सीएनटी व एसपीटी को मुद्दा बना कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं. कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों को जन-जन तक पहुंचायें. कार्यकर्ता संगठन व जनहित में कार्य करें. बैठक को अशोक षाड़ंगी, रतन लाल बोदरा ने संबोधित किया. धन्यवाद ज्ञापन गणेश तांती ने किया. मौके पर मुख्य रूप से नामानुज शर्मा, दुर्योधन प्रधान, बुंदा साव, निरा केराई समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे.
भाजपा का दामन थामा : बैठक में विभिन्न संगठनों के लीवलाल बोदरा, युधिष्ठिर प्रधान, सुधांशु साहु, नरेश व अंशु सिंहदेव ने भाजपा का दामन थामा. प्रभारी श्री गागराई ने सभी को माला पहना कर पार्टी में स्वागत किया.
