ईसाई समुदाय ने मनाया कब्र पर्व, जुटे रिश्तेदार
चक्रधरपुर/आनंदपुर : ईसाई समुदाय के लोगों ने बुधवार को चक्रधरपुर पोटका लाल गिरजा समीप कब्रिस्तान में कब्र पर्व मनाया. भारी संख्या में समुदाय के लोग कब्रिस्तान पहुंचे और अपने-अपने पूर्वजों के कब्र पर मोमबत्ती जला कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. पोटको के दोनों कब्रिस्तान में लोगों की भीड़ रही.
कब्र पर कैंडल जलाने के पश्चात कब्रिस्तान परिसर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. फादर जुनास, फादर जॉन व फादर सुशील द्वारा सभी मृतकों के आत्मा की शांति के लिए कामना की गयी. श्रद्धांजलि सभा शाम साढ़े चार बजे से शुरू हुई, जो देर शाम तक चलता रही. कब्र पर लोगों का आना जाना लगा रहा. ईसाई समुदाय के लोगों ने बताया कि हर वर्ष दो नवंबर को कब्र पर्व मनाया जाता है. इस दिन पूर्वजों की आत्मा की शांति की कामना कर उन्हें श्रद्धांजलि देते हैं.
इससे पूर्व सुबह की पाली में चर्चों में मिस्सा बलिदान हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ईसाई समुदाय के लोग पहुंच कर आत्माओं की शांति की कामना की. इधर, आनंदपुर मसीही समुदाय के लोगों ने सीआरपीएफ कैंप पास स्थित कब्रिस्तान में अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए विशेष प्रार्थना की. आरसी चर्च के फादर भेलेरियन लोबो ने कहा कि यह पर्व कैथोलिक समुदाय द्वारा दो नवंबर को मनाया जाता है. चर्च में मृत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गयी. इस दौरान लेयोनार्ड तोपनो, रेजिना भेंगरा, मारियानुस, राजेश, अगस्टीना आदि उपस्थित थे.
